पिपरवार गोलीकांड:टीपीसी संगठन ने ली गोलीबारी की जिम्मेदारी, कोयलांचल के व्यापारियों और ठेकेदारों को दी शरीर छलनी करने की चेतावनी…
चतरा।झारखण्ड के कोयलांचल क्षेत्रों में एक बार फिर दहशत का माहौल है। टीपीसी उग्रवादी संगठन के उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर सबजोनल कमेटी द्वारा एक हस्तलिखित पर्चा जारी कर हाल ही में हुई गोलीबारी की घटनाओं की जिम्मेदारी ली है।संगठन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि उनकी बातों को अनसुना करने वालों का अंजाम बुरा होगा।
पर्चे में लिखा गया है कि गुरुवार सुबह छह बजे मैक्लुस्कीगंज के मुंडाचौड़ा में लिप्टर खुशदील खानऔर पिपरवार के छह नंबर कांटा घर के पास हुई गोलीबारी की घटना को संगठन के निर्देश पर अंजाम दिया गया।इस गोलीबारी में वासुदेव गंझू को गोली लगी है। संगठन के सदस्य ऋषिकेश जी ने इस पूरी घटना की जिम्मेदारी ली है।
विज्ञप्ति के अनुसार, पिपरवार और अशोका क्षेत्र में काम करने वाले डीओ होल्डर, लिप्टर और उप-कमेटी के लोग संगठन के निर्देशों की अनदेखी कर रहे थे।पर्चे में स्पष्ट किया गया है कि संगठन की बातों को दरकिनार करने के कारण ही इन दोनों घटनाओं को अंजाम दिया गया है।संगठन ने पिपरवार, अशोका, के.डी.एच, डकरा, रोहिणी, चूरी और पुरनाडीह जैसे क्षेत्रों में सक्रिय सभी पक्षों को कड़ी चेतावनी दी है।कहा है संगठन से बात करके ही कोई भी काम चालू करें, अन्यथा, संगठन की गोलियों से कोयलांचल की हर गली के मोड़ पर अपने शरीर को छलनी होने के लिए तैयार रखें।

