सेक्स रैकेट:फिल्मी स्टाइल से देह व्यापार का भांडाफोड़, पुलिस बनी ग्राहक…11 आरोपियों को दबोचा
डेस्क टीम।बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में अंडरकवर ऑपरेशन चलाकर कथित देह व्यापार के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें 8 युवतियां और 3 युवक शामिल हैं।पुलिस को लंबे समय से गौरीपुर पंचायत के सिंहेश्वर–बिरैली रोड नंबर 18 के पास अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। इसी आधार पर ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पहले इलाके की निगरानी की और पुख्ता जानकारी जुटाई।
इस ऑपरेशन की सबसे खास बात यह रही कि पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्हें अंदर चल रही गतिविधियों की पुष्टि हुई, तुरंत इशारा किया गया और बाकी टीम ने अचानक छापेमारी कर दी।
अफरा-तफरी मच गई. कई लोग भागने के लिए खेतों की ओर दौड़े लेकिन पुलिस ने पहले से घेराबंदी कर रखी थी। तेज कार्रवाई के चलते सभी आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया गया।छापेमारी के दौरान 8 युवतियों और 3 युवकों को हिरासत में लिया गया।मौके से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामग्री और एक पल्सर एनएस बाइक भी जब्त की गई। पुलिस इसे एक संगठित गिरोह से जोड़कर देख रही है।
इस पूरे ऑपरेशन में एएसपी प्रवेंद्र भारती, डीएसपी मनोज मोहन समेत कई पुलिस अधिकारी और एसटीएफ की टीम शामिल रही।इसके अलावा एक एनजीओ का भी सहयोग लिया गया ताकि कार्रवाई को सही तरीके से अंजाम दिया जा सके।
एएसपी प्रवेंद्र भारती ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

