दोस्ती में 2.5 करोड़ का कर्ज, पांच चेक बाउंस, पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

 

राँची। राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में दोस्ती के नाम पर 2.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जयश्री ग्रीनसिटी के पास रहने वाले रंजन कुमार (37) ने अपने मित्र अनूप कुमार सिंह और उसके भाई रौशन कुमार सिंह पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का आरोप लगाते हुए अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, गढ़वा निवासी अनूप कुमार सिंह ने वर्ष 2023 तक अलग-अलग तिथियों में व्यापार के लिए रंजन कुमार से कुल 2 करोड़ 50 लाख रुपये कर्ज के रूप में लिए। यह राशि आरटीजीएस और नकद माध्यम से दी गई। इसमें 45 लाख रुपये अनूप के कहने पर उसके भाई रौशन कुमार सिंह के खाते में ट्रांसफर किए गए। दोनों के बीच 22 मार्च 2023 को एक एकरारनामा भी हुआ, जिसमें अनूप ने पैसे ट्रेडिंग में लगाने और मुनाफे में हिस्सा देने की बात कही। साथ ही जरूरत पड़ने पर राशि लौटाने का भरोसा दिया। इस दौरान उसने 2023 में 15 लाख रुपये लौटाए भी।

भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अनूप ने चार चेक दिए, जबकि एक चेक उसके भाई रौशन कुमार सिंह ने 45 लाख रुपये का जारी किया। बाद में 21 नवंबर 2023 को अनूप ने एक्सिस बैंक, अशोकनगर शाखा का एक और चेक 55 लाख रुपये का दिया और सभी पांचों चेक 22 नवंबर 2023 को बैंक में प्रस्तुत करने को कहा। लेकिन, बैंक में प्रस्तुत करने पर सभी पांचों चेक फंड इंसफिशिएंट के कारण बाउंस हो गए। अन्य चार चेकों में 50-50 लाख रुपये के चेक  शामिल थे, जो अलग-अलग खातों से जारी किए गए थे।

पीड़ित का आरोप है कि शुरुआत से ही दोनों भाइयों की नीयत धोखाधड़ी की थी और उन्होंने आपराधिक षड्यंत्र के तहत पैसे हड़पे। पैसा मांगने पर आरोपी पहले दुबई भाग जाने की बात कहते थे और अब लगातार धमकी दे रहे हैं। रंजन कुमार ने बताया कि 18 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सहजानंद चौक से अरगोड़ा लौटते समय हरमू मैदान के पास सुनसान जगह पर दो अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रोककर धमकाया। मोटरसाइकिल पर आए दोनों युवकों ने कहा कि यदि अनूप और रौशन से पैसा मांगा तो जान से मार देंगे। दोनों ने हेलमेट और मास्क पहन रखा था, जिससे पहचान नहीं हो सकी। अगले दिन 19 फरवरी 2026 को फिर धमकी दी गई और कहा गया कि आरोपियों का संबंध आपराधिक और अंडरवर्ल्ड से है, इसलिए पैसा भूल जाने में ही भलाई है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि दोनों भाई उसकी जान-माल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

error: Content is protected !!