सरायकेला:सेंट्रल पब्लिक स्कूल के पांच छात्र स्कूल ऑवर्स के दौरान क्लास छोड़कर डैम में नहाने गए, 2 छात्रों की डूबने से मौत, काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया शव..परिजनों में मचा कोहराम..
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत आसंगी चेक डैम में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया।जहां नहाने के दौरान सेंट्रल पब्लिक स्कूल (CPS), आदित्यपुर के नौवीं कक्षा के दो छात्र रौनक भारद्वाज और गॉडविन थॉमस की डूबने से मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंट्रल पब्लिक स्कूल के पांच छात्र स्कूल ऑवर्स के दौरान क्लास छोड़कर खरकई नदी पर बने आसंगी चेक डैम में नहाने पहुंचे थे।जब छात्र डैम में उतरे, तो अचानक गहराई का अंदाजा न होने के कारण रौनक और गॉडविन पानी के तेज बहाव और गहराई में समा गए।मौके पर मौजूद उनके सहपाठी प्रशांत कुमार ने बताया कि वह उस वक्त पानी लाने गया था, तभी यह चीख-पुकार मच गई।अन्य दो छात्र किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना प्रभारी संजीव सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों छात्रों के शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जैसे ही हादसे की खबर छात्रों के घर पहुंची, कोहराम मच गया।घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।स्थानीय लोगों ने बताया कि चेक डैम के पास अक्सर बच्चे नहाने पहुंचते हैं, जो खतरनाक साबित होता है।

