राँची के मैक्लुस्कीगंज में अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग…जांच में जुटी है पुलिस…

राँची।जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार की सुबह सुबह अज्ञात अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकलने से बचते रहे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव में आए थे। उन्होंने गांव निवासी नसीम खान के घर के बाहर रुककर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने करीब चार से पाँच राउंड गोली चलाई और इसके बाद तेजी से मौके से भाग निकले। फायरिंग इतनी अचानक हुई कि घर के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी फरार हो गए।

बताया जाता है कि घटना के दौरान अपराधियों ने कथित रूप से धमकी भी दी। लोगों का कहना है कि अपराधियों ने कहा कि “पैसा नहीं दोगे तो इसी तरह होता रहेगा”। इस धमकी के बाद गांव में यह चर्चा तेज हो गई कि मामला रंगदारी मांगने से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से जांच कर रही है और किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।

वहीं,इस मामले मामले में पीड़ित नसीम खान ने बताया कि वे ड्राइवर का काम करते हैं और उनकी जानकारी में किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि अचानक हुई इस घटना से उनका परिवार काफी डर गया है। बच्चों और महिलाओं में भय का माहौल है। नसीम खान ने पुलिस से मांग की है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाए।

इधर,घटना की सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने गांव में अपराधियों के आने और भागने के रास्ते की भी जानकारी जुटाई है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अपराधी कौन थे और वे किस मकसद से फायरिंग करने पहुंचे थे।इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सुबह-सुबह हुई गोलीबारी से पूरे गांव में डर बैठ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस तरह खुलेआम फायरिंग होगी तो लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे।

पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। इसमें रंगदारी, पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!