महिला के दो प्रेमी आपस में लड़ा…एक ने दूसरे की लाठी से पीटकर कर दी हत्या,गांव में सनसनी,आरोपी गिरफ्तार

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छिछवानी गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते 47 वर्षीय राजेंद्र कुमार मिंज की गांव के ही कामिल टोप्पो ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी।घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक राजेंद्र कुमार मिंज और आरोपी कामिल टोप्पो के बीच एक विवाहित महिला को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद धीरे-धीरे गहराता गया और आखिरकार हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने राजेंद्र के सिर पर लाठी से जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में मातम पसर गया।

मृतक के चाचा फबियानुस मिंज ने बताया कि पतरा टोली गांव की एक विवाहित महिला से मृतक और आरोपी दोनों का प्रेम संबंध था। महिला पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, जबकि मृतक भी विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं। इसी रिश्ते को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था, जो अंततः हत्या की वजह बन गया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कामिल टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को ही हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

error: Content is protected !!