डकैतों का तांडव,रिटायर्ड आर्मी जवान के घर बच्चों को बंधक बनाकर 3.50 लाख कैश और करीब 20 लाख की जेवरात लूट लिया…जांच में जुटी है पुलिस…

 

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात डकैतों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।आर्मी रिटायर्ड हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर पर करीब दस की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला।अपराधियों ने सबसे पहले घर के बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद डकैतों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग बीस लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर लेकर फरार हो गए, ताकि पुलिस के हाथ कोई सुराग न लग सके।

घर के मालिक कैलाश प्रसाद मिश्रा का कहना है कि वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे।आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें भनक तक नहीं लगी। परिजनों ने रात 2 बजे ही पुलिस को खबर दी, लेकिन टीम करीब साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं, थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि मामले की जांच पड़ताल चल रही है।घर के लोगों से पूछताछ की जा रही है। कितने की संपत्ति की लूट हुई है, यह आवेदन के बाद ही साफ हो सकेगा।फिलहाल आवेदन नहीं मिला है।

error: Content is protected !!