कोडरमा:महुआ चुनने गई महिला को हाथी ने कुचला,मौके पर मौत…4 दिन में तीसरी मौत
कोडरमा। झारखण्ड के कोडरमा जिले में बीते चार दिनों के अंदर तीन लोगों को मौत के घाट उतारने वाले जंगली हाथियों का आतंक जिले में लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु हरलाडीह गांव का है, जहां रविवार सुबह महुआ चुनने गई 55 वर्षीय सीता देवी को हाथी ने पटक-पटककर मार डाला।
जानकारी के अनुसार, सीता देवी सुबह करीब 5 बजे महोदरा जंगल में महुआ चुनने गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें जमीन पर पटकते हुए पेट पर पैर रखकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहीं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। रेंज ऑफिसर रविंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता दी और शेष 3.75 लाख रुपये मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया।
इधर, झरीटांड और ढेबुआडीह गांव में भी हाथियों का उत्पात जारी है। शुक्रवार रात हाथी ने कई मवेशियों को कुचलकर मार डाला और गौशालाओं को तहस-नहस कर दिया था। गांव के बाहर बंधे पशु भी इसके शिकार बने।इससे पहले बुधवार को मरियमपुर और बोनाकाली इलाके में दो लोगों की मौत के घाट उतारने के बाद से लोग सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक हाथी झुंड से बिछड़कर लगातार हमला कर रहा है, जबकि अन्य हाथियों का दल आसपास के जंगलों में डेरा डाले हुए है।वन विभाग की टीम लगातार प्रयास में जुटी है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण हाथियों को काबू करने में सफलता नहीं मिल पा रही है। हालात ऐसे हैं कि पूरे इलाके में डर और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है

