कोडरमा घाटी में हाईवा ने तीन कारों को मारी टक्कर…कई लोग घायल…

कोडरमा।झारखण्ड में कोडरमा जिले में कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत राँची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित हाईवा ने एक साथ तीन कारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो कारों में सवार लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए।

बताया जाता है कि सभी वाहन अपने-अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार हाईवा अचानक नियंत्रण खो बैठी। अपनी लेन से हटकर सामने से आ रही कारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कारों के परखच्चे उड़ गए। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल कार चालक चंदन कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बिहार से राँची जा रहे थे। उनके पीछे चल रही दूसरी कार में सवार लोग रामगढ़ स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में पूजा करने जा रहे थे। नौवां माइल के पास अचानक सामने से तेज रफ्तार हाईवा उनकी लेन में आ गई।देखते ही देखते तीनों कारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

इस दुर्घटना में करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि दो अन्य को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद पीसीआर पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में नालंदा (बिहार) निवासी श्वेता कुमारी, शिवंति देवी, अदिति राज, रामशंकर पासवान, प्रिंस कुमार, संजय पासवान, अभिराज कुमार, आराध्या कुमारी, जनक देवी और चंदन कुमार शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार हाईवा चालक की तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!