धनबाद:रामनवमी जुलूस पर पथराव मामले में 20 गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपियों की कराई परेड…

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में शुक्रवार देर शाम को रामनवमी जुलूस में शामिल लोगों पर पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है।मामले में पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को शहर में परेड भी कराई। रस्सी से बांधकर आरोपियों को सड़क पर घुमाया गया।वहीं रामनवमी जुलूस में पथराव की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पत्थरबाजी और उपद्रव करने के आरोप में 20 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि 40 से 50 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने इलाके में धारा 163 लागू कर दिया है, जो अगले दो से तीन दिनों तक प्रभावी रहेगा। घटना के बाद, शनिवार को पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।स्थिति को देखते हुए यहाँ लगने वाली साप्ताहिक बाजार नहीं लगा। इस इलाके की अधिकांश दुकानें भी बंद रहीं और सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम देखी गई।

वहीं, घटना के बाद धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो भी मौके पर पहुंचे और रामनवमी तथा अखाड़ा समिति के लोगों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व सूचना के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण यह घटना हुई है।

सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि प्रशासन को पहले से जानकारी थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा है, जो गलत है।बलियापुर थाना क्षेत्र में यह दूसरी घटना हुई है।इसके पूर्व भी असामाजिक तत्वों के द्वारा आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की थी। नतीजतन फिर से ऐसी घटना हुई है।प्रशासन निर्दोष लोगों को जेल ना भेजें, वरना प्रशासन के ऊपर से लोगों का विश्वास उठ जाएगा।

उन्होंने कहा कि रामनवमी जुलूस में शामिल लोगों पर अचानक पथराव कर देना कहीं से सही नहीं है। उसके बाद भी पुलिस प्रशासन ने हमारे लोगों को पकड़कर रखा है।हालांकि प्रशासन ने निर्दोष लोगों को जेल नहीं भेजने का आश्वासन दिया है।हमारे सभी लोग निर्दोष हैं, क्योंकि वे जुलूस में जा रहे थे। सांसद ने कहा कि इस राज्य सरकार में असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है।इसका कारण सरकार के मंत्रियों के द्वारा दी रही तरह-तरह की बयानबाजी है।झारखण्ड में सनातन संस्कृति को मनाने वाले लोग सरकार से काफी दुखी हैं।

गौरतलब है कि शुक्रवार को पथराव की घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर सवाल खड़े कर दिए हैं।प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

error: Content is protected !!