राजधानी राँची में अनुशासन और आस्था का संगम:करीब चार लाख की भीड़ के बीच शांतिपूर्ण रही रामनवमी—
—एसएसपी राकेश रंजन की रणनीति और सतत निगरानी से बना सौहार्दपूर्ण माहौल, प्रशासन की मुस्तैदी की हर ओर सराहना
राँची।राजधानी राँची में इस वर्ष रामनवमी का त्योहार अनुशासन, आस्था और प्रशासनिक सजगता का अद्भुत उदाहरण बन गया। सरहुल और ईद के बाद रामनवमी भी पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। शुक्रवार को निकले भव्य जुलूस में करीब चार लाख श्रद्धालु महावीरी झंडा लेकर सड़कों पर उतरे। मेन रोड सहित पूरे शहर में रामभक्ति का माहौल छाया रहा, लेकिन इतनी विशाल भीड़ के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था या तनाव की स्थिति नहीं बनी और इसका पूरा श्रेय राँची पुलिस और प्रशासन की सटीक योजना और सक्रिय निगरानी को जाता है।
इस पूरे आयोजन में राँची के एसएसपी राकेश रंजन की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने न केवल पूरे कार्यक्रम की रणनीति तैयार की, बल्कि जमीन पर रहकर उसकी मॉनिटरिंग भी की। शाम 4 बजे से लेकर देर रात तक वे जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए कंट्रोल टेंट में मौजूद रहे और लगातार भीड़ की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। हर छोटे-बड़े मूवमेंट पर उनकी पैनी नजर थी और वे मौके पर तैनात अधिकारियों को लगातार निर्देश देते रहे कि भीड़ को किस तरह नियंत्रित करना है और जुलूस को सुचारू रूप से आगे बढ़ाना है।
एसएसपी की इस सक्रियता का असर साफ दिखा। जहां लाखों की भीड़ में आमतौर पर अफरा-तफरी या अव्यवस्था की आशंका रहती है, वहीं राँची में पूरा जुलूस बेहद व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ता रहा। लोगों को कहीं रुकना न पड़े, जाम की स्थिति न बने और सभी श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुँचे।इस पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस सफल आयोजन में जिला प्रशासन की भी अहम भूमिका रही। डीसी मंजू नाथ भजंत्री, सिटी एसपी पारस राणा ,ट्रेफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने भी पूरे समन्वय के साथ काम किया। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहे और एक-दूसरे के साथ लगातार संपर्क में रहकर हर स्थिति पर नजर बनाए रखी।
पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग ने पूरे माहौल को सुरक्षित बनाए रखा। खास बात यह रही कि पुलिस ने सख्ती के साथ-साथ संवाद का भी रास्ता अपनाया, जिससे आम लोगों में भरोसा बना रहा और सभी ने नियमों का पालन किया।
राँची की जनता ने भी इस व्यवस्था में पूरा सहयोग दिया। अनुशासन के साथ जुलूस में शामिल होकर लोगों ने यह दिखा दिया कि आस्था और व्यवस्था साथ-साथ चल सकते हैं। एसएसपी राकेश रंजन की सजगता और नेतृत्व को देखकर शहरवासियों में खासा उत्साह और संतोष नजर आया।

