लातेहार:रामनवमी पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम…पुलिस ने किया मॉक ड्रिल, उपद्रवियों से निपटने की दी गई ट्रेनिंग..
लातेहार।झारखण्ड में लातेहार में रामनवमी महापर्व को देखते हुए लातेहार जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार लातेहार पुलिस केंद्र में एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस बल को आपात स्थितियों से निपटने का कड़ा अभ्यास कराया गया।
पुलिस केंद्र में आयोजित इस मॉक ड्रिल के दौरान दंगाइयों और उपद्रवियों पर काबू पाने के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन किया गया।पुलिस के जवानों को सिखाया गया कि यदि जुलूस के दौरान किसी कारणवश भीड़ उग्र होती है, तो उसे न्यूनतम बल प्रयोग के साथ कैसे नियंत्रित किया जाए। आंसू गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज की सही प्रक्रिया और रबर बुलेट्स के इस्तेमाल का भी अभ्यास किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जवानों के रिस्पॉन्स टाइम को सुधारना और किसी भी अप्रिय घटना को टालना है।सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए लातेहार के डीसी और एसपी ने टाउन हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में जिले भर में प्रतिनियुक्त किए गए पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियोंने हिस्सा लिया।डीसी और एसपी ने पदाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

