ब्रेड देकर बकरी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कार से 12 बकरियां बरामद…एक गिरफ्तार
जमशेदपुर। शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र में सक्रिय बकरी चोर गिरोह का पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से पर्दाफाश हुआ है। एक ग्रामीण की सूझबूझ के चलते 12 चोरी की बकरियां बरामद की गईं। गिरोह के एक सदस्य को भी दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानगो आजादनगर निवासी मोहम्मद इंजमाम के रूप में हुई है।
मामले की शुरुआत हितकू निवासी लाल बाबू सिंह की बकरियों की चोरी से हुई थी। कुछ दिन पहले उनकी दो बकरियां चोरी हो गई थीं, लेकिन उस दौरान लाल बाबू ने एक संदिग्ध कार का नंबर नोट कर लिया था। बुधवार सुबह जब उन्होंने उसी कार को दोबारा इलाके में मंडराते देखा, तो उन्होंने तुरंत उसका पीछा करना शुरू कर दिया। लाल बाबू ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सतर्क किया।
हितकू से परसुडीह तक करीब कई किलोमीटर तक कार का पीछा किया गया। अंततः परसुडीह मेन रोड पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार रुकते ही उसमें सवार दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि इंजमाम को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस और ग्रामीण दंग रह गए। छोटी सी कार के भीतर क्रूरतापूर्वक 12 बकरियां ठूंसी गई थीं। पूछताछ में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि यह गिरोह बकरियों को चुप कराने और फुसलाने के लिए उन्हें ब्रेड खिलाता था। ब्रेड के लालच में बकरियां आसानी से उनके पास आ जाती थीं, जिसके बाद उन्हें कार में लादकर बाजार में बेच दिया जाता था। पुलिस जांच में पता चला है कि बरामद की गई बकरियां सुंदरनगर और घाटशिला थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
इससे पहले भी गोविंदपुर क्षेत्र में एक लावारिस कार से छह बकरियां बरामद हुई थीं, जो एक ट्रेलर से टकरा गई थी। पुलिस का मानना है कि ये सभी घटनाएं इसी संगठित गिरोह से जुड़ी हो सकती हैं।फिलहाल, परसुडीह पुलिस ने आरोपी इंजमाम को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है और फरार अन्य दो साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। लाल बाबू सिंह के इस साहस और सूझबूझ की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।

