झारखण्ड पुलिस ऐसे चल रहा….. एडीजी संभाल रहे आईजी का प्रभार, डीएसपी बने हुए हैं इंस्पेक्टर…
राँची।झारखण्ड पुलिस में कोई ओवरलोडेड है तो किसी के पास कोई काम ही नहीं है। यहां एडीजी स्तर के अधिकारी को आईजी का भी प्रभार संभालना पड़ रहा है तो डीएसपी स्तर के 58 अधिकारी सात महीने से इंस्पेक्टर के पद पर विराजमान हैं।वहीं 39 नव नियुक्त डीएसपी प्रशिक्षण के बाद से ही करीब करीब 17 महीने से पदस्थापन का इंतजार कर रहे हैं। कई पद रिक्त हैं तो अधिकांश इकाइयों को प्रभार देकर संचालित कराया जा रहा है। यहां पुलिसिंग ऐसी ही चल रही है।आईजी से एडीजी में प्रोन्नत मनोज कौशिक को सीआईडी का एडीजी बनाया गया था। उन्हें आईजी राँची प्रक्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार भी दे दिया गया। वे एडीजी सीआईडी रहते हुए आईजी राँची प्रक्षेत्र का कार्य भी संभाल रहे हैं।विशेष शाखा में लंबे समय से कोई डीजी या एडीजी नहीं है। यहां आईजी प्रभात कुमार ही इतनी बड़ी संस्था को संभाल रहे हैं। वे विशेष शाखा के आईजी रहते हुए आइजी जैप का पद भी संभाल रहे हैं। झारखण्ड पुलिस के आईजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल को दुमका प्रक्षेत्र के आईजी का भी अतिरिक्त प्रभार है।
आईपीएस प्रिया दुबे एसीबी की एडीजी हैं। वर्तमान में एसीबी के पास कई हाईप्रोफाइल केस है, जिसकी निगरानी व समीक्षा की व्यस्तता प्रिया दुबे के पास है। इसके बावजूद उन्हें जैप के एडीजी व आधुनिकीकण सह प्रशिक्षण के एडीजी का भी अतिरिक्त प्रभार है।
आईपीएस राकेश रंजन राजधानी राँची के एसएसपी हैं। राजधानी होने के चलते राँची एसएसपी का पद अपने आप में बहुत बड़ा है।इसके बावजूद राकेश रंजन को जैप वन के कमांडेंट का भी अतिरिक्त प्रभार है।
राँची के सिटी एसपी पारस राणा जैप-10 के कमांडेंट का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। अधिकांश जिलों के एसपी के पास जैप-आइआरबी के कमांडेंट का भी अतिरिक्त प्रभार है,जिनमें जामताड़ा,चतरा, लातेहार,गुमला,गोड्डा,गिरिडीह, पलामू,दुमका जिले शामिल हैं।
ये पद हैं रिक्त:
डीजी विशेष शाखा, डीजी प्रशिक्षण, डीजी सीआईडी, एडीजी विशेष शाखा, एडीजी गृह रक्षा वाहिनी, आईजी एसीबी, आईजी राँची, आईजी रेल, डीआईजी राँची,एसपी एसटीएफ,कमांडेंट एसआईएसएफ व एसआरपी धनबाद।
अतिरिक्त प्रभार से संचालित हो रहे हैं ये पद
आईजी जैप, एडीजी जैप, एडीजी आधुनिकीकरण सह प्रशिक्षण, कमांडेंट जैप वन, कमांडेंट जैप-10, आईआरबी-1 जामताड़ा, आईआरबी-2 मुसाबनी, आईआरबी-3 चतरा, आईआरबी-4 लातेहार, आईआरबी-5 गुमला, आईआरबी-8 गोड्डा, आइआरबी-9 गिरिडीह, आईआरबी-10 पलामू, एसआईआरबी-1 दुमका, एसपी वायरलेस, आईजी राँची, आईजी दुमका।
अक्टूबर 2024 में प्रशिक्षण पूरा कर चुके 39 डीएसपी 15 महीने से कर रहे हैं पदस्थापन का इंतजार
राज्य में नव नियुक्त 39 डीएसपी अक्टूबर 2024 में अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिए थे। उनका पासिंग आउट परेड भी हो गया था, लेकिन अब तक उनका पदस्थापन नहीं हुआ। वे ऐसे ही प्रतिनियुक्ति आधारित ड्यूटी बजा रहे हैं। 25 जून 2025 को इंस्पेक्टर से डीएसपी में प्रोन्नत 64 अधिकारियों में दो पिछले साल व चार इस साल जनवरी में सेवानिवृत्त हो गए।
सेवानिवृत्त होने वाले दो अधिकारियों को सेवानिवृत्ति से चार दिन पहले व चार अधिकारियों को सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले डीएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया था। अब भी 58 अधिकारी इंस्पेक्टर बने हुए हैं। प्रोन्नति संबंधित अधिसूचना में शर्त था कि उनकी प्रोन्नति पदस्थापन की तिथि से प्रभावी होगी

