तेज रफ्तार का कहर:हवा में उड़ती थार,पुल की रेलिंग तोड़कर 20 फीट नीचे गिरी, महिला समेत 4 गंभीर

 

राँची।झारखण्ड के खूंटी जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार थार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।यह घटना मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदा और सांडीगांव के बीच राँची-चाईबासा मुख्य मार्ग पर हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, थार काफी तेज गति में थी जर्जर सड़क और पुल के मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद दो यात्री गाड़ी के अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।पुलिस ने तीन घायलों को मुरहू सीएचसी की एंबुलेंस से और एक घायल को पुलिस वाहन से खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया।डॉक्टरों के अनुसार, चारों घायल फिलहाल बेहोश हैं, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि बिंदा-सांडीगांव के बीच का यह इलाका लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है।खराब सड़क और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।इस सम्बध में मुरहू थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह सामने आई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेने की प्रक्रिया चल रही है।

error: Content is protected !!