पवन हत्याकांड:विवाहित बेटी के साथ देख मौसा हुआ आग बबूला,हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया, पुलिस ने आरोपी मौसा को किया गिरफ्तार

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार को हुई 18 वर्षीय पवन सिंह नामक युवक की मौत मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिस जांच के अनुसार, पवन की हत्या उसके मौसा रवि सिंह ने की थी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में प्रशिक्षु डीएसपी राजेश यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि पवन का एक 28 वर्षीय विवाहित महिला (मौसेरी बहन)के साथ प्रेम प्रसंग था।इससे उसका मौसा नाराज था।

पुलिस जांच में सामने आया कि पवन सिंह का अपनी मौसेरी बहन सोनी देवी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच पिछले डेढ़ से दो महीने से बातचीत और मुलाकात हो रही थी। गांव में भी धीरे-धीरे इसकी चर्चा होने लगी थी। सोनी देवी शादीशुदा थी और एक बच्चे की मां भी है।वहीं उम्र में 10 साल की बड़ी है। इसके बावजूद पवन सिंह उससे शादी करना चाहता था। पुलिस के मुताबिक पवन लगातार सोनी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, जबकि सोनी इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं थी।

शुक्रवार (15 मई) की रात पवन सिंह चुपके से सोनी देवी से मिलने उसके मायके पहुंच गया। रात गहरी हो चुकी थी। गांव में ज्यादातर लोग सो चुके थे। इसी बीच दोनों की मुलाकात हो रही थी और शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। तभी अचानक सोनी देवी के पिता रवि सिंह की नजर दोनों पर पड़ गई।

डीएसपी राजेश यादव के अनुसार बेटी को पवन के साथ देखकर रवि सिंह गुस्से से आगबबूला हो गया। मामला उसकी इज्जत और परिवार की बदनामी से जुड़ गया। गुस्से में उसने पास में रखा डंडा उठाया और पीछे से पवन सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना जबरदस्त था कि पवन सिंह मौके पर ही गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घर के अंदर अचानक पसरे सन्नाटे के बीच रवि सिंह समझ चुका था कि अब मामला हत्या में बदल चुका है।

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद रवि सिंह ने खुद को बचाने के लिए पूरी साजिश रची। उसने शव को कंधे पर उठाया और गांव के पास स्थित हड़ही पहाड़ की तरफ निकल गया। वहां उसने मृतक के ही गमछे से एक पेड़ पर शव को लटका दिया, ताकि देखने वालों को लगे कि युवक ने खुदकुशी की है। सुबह जब पेड़ से युवक की लाश लटकती मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के लोग मौके पर जुट गए। शुरुआत में मामला आत्महत्या का ही लग रहा था।

इधर ,पुलिस हिरासत में आरोपी रवि सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त साढ़े तीन फीट का बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। इससे पूर्व, मृतक के पिता ने अन्य लोगों पर भी संदेह व्यक्त किया था। इस उद्भेदन में प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर राजेश यादव, पांकी पुलिस निरीक्षक, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और अन्य पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

error: Content is protected !!