ऑपरेशन प्रहार:राँची पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, एक ही रात गिरफ्तार हुए 100 से अधिक अपराधी…

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए राँची पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर राँची पुलिस की टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शनिवार की रात पूरी जिले में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया।इस विशेष अभियान में पुलिस ने रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक वारंटियों/ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित पड़े 150 से अधिक वारंटों का निष्पादन भी किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राँची जिला में विभिन्न मामलों में नामजद सैकड़ो अपराधी लंबे समय से फरार चल रहे थेम इन अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें काफी समय से सुराग जुटा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने शनिवार को एक विशेष रणनीति तैयार की।उनके सख्त निर्देश पर शनिवार की देर रात राँची शहर और ग्रामीण इलाके सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ ऑपरेशन प्रहार शुरू किया गया।अचानक हुई इस चौतरफा कार्रवाई से अपराधियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 100 से ज्यादा अपराधियों को दबोचा गया।वहीं कोर्ट द्वारा जारी 150 से अधिक गैर-जमानती और अन्य वारंटों पर त्वरित कार्रवाई की गई। जिले के लगभग सभी थानों की पुलिस ने अपने-अपने इलाकों में चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

शनिवार रात भर चले इस सघन अभियान के बाद, हिरासत में लिए गए सभी अपराधियों के कागजात और कानूनी प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन सभी 100 से अधिक अपराधियों को आज (रविवार को) कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया जाएगा।

error: Content is protected !!