गढ़वा मंडल कारा में औचक छापेमारी,कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला..
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित मंडल कारा में शनिवार की देर रात को जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की। यह छापामारी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के संयुक्त नेतृत्व में की गई।इस औचक कार्रवाई से कैदियों के बीच हड़कंप मच गया।
हालांकि,गहन तलाशी अभियान के बाद भी जेल के अंदर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ अचानक मंडल जेल पहुंची।टीम ने जेल के सभी वार्डों, सेल, अस्पताल, रसोई घर और परिसर के कोने-कोने की सघन तलाशी ली।
छापेमारी की कार्रवाई दो घंटे से अधिक समय तक चली। जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह छापेमारी की गई थी। इस अभियान में एसडीएम और एसडीपीओ के अलावा अलग-अलग थानों के थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) और भारी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल के जवान शामिल थे।
इस सम्बंध में एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि यह एक रुटीन जांच थी, जिसका उद्देश्य जेल के अंदर कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखना था।जांच के दौरान जेल के अंदर पूरी तरह शांति पाई गई और कोई भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान (जैसे मोबाइल, नशीले पदार्थ या हथियार) नहीं मिला। जेल प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने और कड़ी निगरानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

