महाराष्ट्र:सम्मान समारोह कार्यक्रम के दौरान लू लगने से 11 लोगों की मौत,कई अस्पताल में भर्ती,कार्यक्रम में लाखों की भीड़ जुटी थी….

मुम्बई।महाराष्ट्र में आयोजित एक सम्मान समारोह में लू लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोगों की तबीयत खराब हो गई,जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद थे। कार्यक्रम में शाह ने पुरस्कार वितरण किया।इस कार्यक्रम का आयोजन रविवार (16 अप्रैल, 2023) को नवी मुंबई के खारघर में किया गया था। कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इस मौके पर अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में 3 लाख से अधिक लोग जमा हुए थे और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इधर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कार्यक्रम के बाद अस्पताल भी गए जहां अन्य बीमार लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। सीएम शिंदे ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। जबकि बीमार लोगों के इलाज का खर्च उठाने की बात कही है।

खारघर में 306 एकड़ के विशाल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में धर्माधिकारी के लाखों अनुयायियों ने भाग लिया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्थापित पुरस्कार धर्माधिकारी को प्रदान किया। कार्यक्रम के लिए सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। इनमें से कई लोग शनिवार को ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे।