राँची में हथियारों का खेल… होटल अलबेला बिरयानी के संचालक के परिवार पर हथियार तस्करी का आरोप, फिल्मी स्टाइल में भागे आरोपी

 

राँची।राजधानी राँची में हथियारों के साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कर्बला चौक स्थित होटल अलबेला बिरयानी के मालिक के बेटे फैज अली और उसके साथियों पर हथियार एवं कारतूस लेकर घूमने का आरोप लगा है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के बाद जब छापेमारी की गई तो संदिग्धों की गतिविधियों का एक बड़ा मामला सामने आया। पुलिस की जांच में आरआर प्लाजा अपार्टमेंट की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ लोग हथियारों के साथ घूमते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, फुटेज में दो बैग में हथियार और गोलियां लेकर जाते हुए लोगों की गतिविधियां भी सामने आईं। तलाशी के दौरान अपार्टमेंट की पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी के नीचे से लकड़ी और लोहे से बनी दोनाली बंदूक बरामद की गई।

इस पूरे मामले में लोअर बाजार थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर लव कुमार सिंह ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:05 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कर्बला चौक स्थित होटल अलबेला बिरयानी के मालिक फैयाज अली के पुत्र फैज अली और उसके कुछ साथी हथियार एवं कारतूस लेकर घूम रहे हैं। सूचना में किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका भी जताई गई थी।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरीय पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश और सूचना के सत्यापन के लिए छापेमारी शुरू की गई। पुलिस टीम शाम करीब 4:30 बजे थाना से निकली और लगभग 4:45 बजे संबंधित इलाके में पहुंची।

महिला के घर की तलाशी के दौरान अंदर से बंद हुआ दरवाजा

पुलिस सबसे पहले संदिग्धों से जुड़े एक घर पहुंची। एफआईआर के मुताबिक, घर के प्रथम तल पर एक महिला मिली, जिसने अपना नाम तरन्नुम, पति इश्तियाक बताया। पुलिस ने तलाशी की प्रक्रिया शुरू की तो अफसरा नामक महिला ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया।

इसी दौरान छत की तरफ से कुछ गिरने जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। छापेमारी दल के सदस्य जब इधर-उधर देखने लगे तो उन्हें अचानक सेटबैक अपार्टमेंट की पार्किंग की ओर कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस के बयान के मुताबिक, छत की तरफ से हथियार और बम जैसी वस्तु फेंके जाने की आशंका भी पैदा हुई। इसके बाद पुलिसकर्मी अपार्टमेंट की पार्किंग की तरफ पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज में हथियार लेकर घूमते दिखे संदिग्ध

पुलिस ने आरआर प्लाजा अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। इस दौरान गार्ड से पूछताछ की गई। एक गार्ड ने बताया कि अपार्टमेंट का सीसीटीवी कैमरा काम नहीं कर रहा है, जबकि दूसरे गार्ड रमेश उपाध्याय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग हो रही है। उसने फुटेज दिखाने में करीब दो घंटे लगने की बात कही।

इसके बाद सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में बुलेट मोटरसाइकिल नंबर JH01EP-5190 से एक व्यक्ति अपार्टमेंट में आता दिखाई दिया। कुछ देर बाद दूसरे कैमरे के फुटेज में दो व्यक्तियों को आपस में बातचीत करते और इधर-उधर घूमते देखा गया।

इसके बाद फुटेज में दोनों व्यक्तियों के हाथों में हथियार और गोलियां दिखाई देने की बात सामने आई। दोनों पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के आसपास घूमते नजर आए। कुछ समय बाद दोनों व्यक्ति हथियार एवं गोलियों से भरे दो बैग लेकर एक कार के पास जाते दिखाई दिए।

सादे हाफ शर्ट और काले पैंट में दिखा होटल मालिक का बेटा

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से मदद मांगी। इसके बाद फुटेज में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान हुई। एफआईआर में दर्ज विवरण के मुताबिक, सादे हाफ शर्ट और काला पैंट पहने व्यक्ति की पहचान होटल अलबेला बिरयानी के मालिक फैयाज अली के पुत्र फैज अली के रूप में हुई। वहीं, काला छिटदार शर्ट पहने दूसरे व्यक्ति की पहचान सज्जन, पिता स्वर्गीय रफीक के रूप में की गई।

पुलिस के बयान के मुताबिक, दोनों की गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने अपार्टमेंट में मौजूद लोगों से स्वतंत्र गवाह बनने का भी अनुरोध किया, लेकिन कोई व्यक्ति गवाह बनने के लिए तैयार नहीं हुआ।

कार के नीचे छिपाकर रखी गई थी दोनाली बंदूक

इसके बाद पुलिस ने अपार्टमेंट की पार्किंग में विधिवत तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान JH09AB-4575 नंबर की गाड़ी के नीचे लकड़ी एवं लोहे से बनी एक दोनाली बंदूक छिपाकर रखी हुई मिली। बंदूक के बट पर भूरे रंग का चमड़े जैसा कवर चढ़ा हुआ था। उस पर EMRILLY & CO लिखा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, बरामद बंदूक की नाल की लंबाई करीब 25 सेंटीमीटर, बट की लंबाई 63 सेंटीमीटर और बैरल की लंबाई 64 सेंटीमीटर थी। हथियार की कुल लंबाई लगभग 104 सेंटीमीटर बताई गई है। पुलिस ने बंदूक को जब्त कर लिया और उसकी विधिवत वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई।

पूरी कार्रवाई के दौरान आरआर प्लाजा अपार्टमेंट के गार्ड से सीसीटीवी फुटेज लेकर उसकी जांच की गई। पुलिस ने जब्त हथियार को जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य बनाया है।

होटल मालिक के बेटे समेत पांच लोगों को बनाया गया आरोपी

इस मामले में थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के लिखित बयान पर लोअर बाजार थाना कांड संख्या 200/26, दिनांक 17 नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a, 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी में फैज अली, पिता फैयाज अली; सज्जन, पिता स्वर्गीय रफीक; फिरदौस उर्फ जिम्मी; अफसरा और तरन्नुम को नामजद आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई अभिषेक कुमार को सौंपी गई है।पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि अपार्टमेंट की पार्किंग में हथियार और गोलियां लेकर घूमने वाले लोगों का उद्देश्य क्या था, दोनाली बंदूक वहां किसने और क्यों छिपाई थी तथा इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्धों की गतिविधियों और बरामद हथियार के संबंध में भी आगे की जांच की जा रही है।

हथियार के जखीरा की गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस

एक गुप्त सूचना से शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई ने अपार्टमेंट की पार्किंग में छिपे हथियार तक पहुंचा दिया। अब जांच का बड़ा सवाल यही है कि आखिर हथियारों के साथ घूम रहे इन लोगों का मकसद क्या था और उनके पास हथियार कहां से आए थे।

इधर पुलिस की कारवाई के बाद आरोपी होटल बंद कर फरार हो गया है।पुलिस आरोपियों की तलाश और हथियार-गोली बरामद के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि करीब 200 गोलियां और हथियार राँची के कर्बला चौक स्थित होटल के पास पहुँचने वाला है।सटीक सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची थी।लेकिन पुलिस के पहुँचने से पहले आरोपियों को भनक लगा और हथियार कहीं छुपा दिया।

 

error: Content is protected !!