हजारीबाग में रातभर पुलिस का विशेष अभियान, 33 आरोपी गिरफ्तार; 8 वारंट भी निष्पादित

हजारीबाग। जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 4 अक्टूबर की रात जिलेभर में विशेष समकालीन एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 33 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 8 वारंटों का भी निष्पादन किया गया।

पुलिस के अनुसार, जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 31 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में करीब 123 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

रातभर चली कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में फरार आरोपियों और वारंटियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति रही।

हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि उनके इलाके में यदि कोई ऐसा आपराधिक तत्व है, जो गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। सूचना का सत्यापन कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।

 

error: Content is protected !!