उत्तरप्रदेश:नदी में डूब रहे बेटे को पिता ने अपनी जान देकर बचा लिया,बेटा को बचाने में पिता गहरे पानी में डूब गया,परिजनों में कोहराम मच गया है।

लखनऊ।उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शनिवार सुबह घाघरा नदी में स्नान करते समय डूब रहे बेटे को बचाने के लिए पिता ने छलांग लगा दी। बेटे को किसी तरह बचा, लेकिन खुद 50 फीट की गहराई में डूब गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।बताया जा रहा है कि थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र के गोदहा गांव का है। यहां के निवासी राम प्रवेश पुत्र राम मनोहर अपने ग्यारह वर्षीय पुत्र रामनिवास तथा परिवारजन व ग्रामीणों के साथ शनिवार सुबह स्नान करने के लिए घाघरा नदी किनारे गए थे। बताया जाता है कि रामनिवास नहाते समय गहराई की ओर चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख रामप्रवेश ने नदी में छलांग लगाई और रामनिवास को बचाने का प्रयास करने लगा। रामप्रवेश ने बेटे रामनिवास को तो बचा लिया पर स्वयं गहराई में पहुंच गया और डूब गया। जिस स्थान पर रामप्रवेश डूबा, वहां पर लगभग 50 फीट की गहराई थी। स्नान कर रहे अन्य लोग रामप्रवेश को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। शोरगुल पर नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाने से पुलिस बल भी पहुंच गया। घटना के बाद परिवार जन का रो रो कर बुरा हाल था। रामपुर मथुरा थानाध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र ने बताया डूबे व्यक्ति की तलाश में गोताखोर लगे हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल पाया है। जिस स्थान पर हादसा हुआ है, वहां गहराई अधिक है, तलाश चल रही है।

पुरुषोत्तम मास में स्नान के लिए गए थे लोग

इस समय पुरुषोत्तम मास चल रहा है। सनातन धर्म में पुरुषोत्तम मास में नदी में स्नान करने का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के चलते ग्रामीण स्नान के लिए नदी पर पहुंचे थे। हादसे के बाद ग्रामीण शोकाकुल नजर आए।