20 किमी तक मौत बनकर दौड़ा ट्रक, बाइक सवार को कुचला, मवेशियों को रौंदता रहा चालक; ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा
धनबाद। शनिवार की देर रात धनबाद के निरसा इलाके में एक बेकाबू ट्रक करीब 18-20 किलोमीटर तक सड़क पर मौत का तांडव मचाता रहा। बलियापुर से कालियासोल की ओर जा रहा ट्रक रास्ते में आने वाले वाहनों और मवेशियों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता रहा। इस दौरान एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कई बाइक और दो-तीन मवेशी भी ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद ट्रक को रोकने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार हादसों की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया।
बाइक को टक्कर मारने के बाद और तेज कर दी रफ्तार
जानकारी के अनुसार, ट्रक बलियापुर की ओर से कालू बथान ओपी क्षेत्र के पिंडराहट होते हुए कालियासोल की तरफ जा रहा था। पिंडराहट के पास मुख्य सड़क पर ट्रक ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। इसके बाद ट्रक करीब 20 किलोमीटर तक बेकाबू होकर दौड़ता रहा। रास्ते में जो भी वाहन या मवेशी सामने आए, उन्हें ट्रक अपनी चपेट में लेता चला गया।
ग्रामीणों ने पीछा कर फटका पुल के पास घेरा
लगातार हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा करना शुरू किया। कालियासोल मोड़ से ट्रक निरसा की ओर मुड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने निरसा थाना क्षेत्र के फटका पुल के पास ट्रक को घेर लिया।ट्रक रुकते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने चालक को ट्रक से बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने भीड़ से चालक को बचाया
सूचना मिलते ही निरसा पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई गौरव कुमार तिवारी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर चालक को भीड़ से बचाने का प्रयास किया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने भी पुलिस के साथ मिलकर चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।स्थिति बिगड़ती देख निरसा थाना प्रभारी अजीत भारती और एसडीपीओ लीलेश्वर महतो कई थानों की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और घायल चालक को इलाज के लिए धनबाद भेजा।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर निरसा थाना पहुंचाया है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों, ट्रक की रफ्तार और चालक की लापरवाही समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

