शशांक राज को दोबारा मिली भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष की कमान, जल्द गठित होंगी मोर्चा की कमेटियां

राँची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर शशांक राज को दोबारा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इस संबंध में भाजपा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने शुक्रवार, 18 सितंबर को अधिसूचना जारी कर दी। जारी पत्र में शशांक राज का जिला राँची महानगर दर्ज है और उन्हें युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शशांक राज इससे पहले भी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की टीम में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन्हें युवा मोर्चा की कमान सौंपी है।

भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में प्रदेश की पूरी कमेटी और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान किया जा चुका है। अब संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की दिशा में अगला कदम मोर्चों की कमेटियों का गठन माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जल्द ही सभी मोर्चों की प्रदेश कमेटियों का भी गठन किया जाएगा।

अनुभवी युवा नेता शशांक राज के दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भाजयुमो में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। युवा कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी आने वाले दिनों में रूपरेखा तैयार की जाएगी।

error: Content is protected !!