पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप, लोहरदगा से संदिग्ध की पत्नी हिरासत में

राँची।राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी डॉ. दुनी चरण सिंह ने लगातार फोन कॉल कर पांच करोड़ रुपये की मांग करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए उस मोबाइल नंबर से जुड़े व्यक्ति की पत्नी को लोहरदगा से हिरासत में लिया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस को दिए आवेदन में डॉ. दुनी चरण सिंह ने बताया है कि 29 जुलाई 2026 से उनके मोबाइल नंबर पर लगातार फोन कॉल आ रहे थे। आवेदन के अनुसार, अलग-अलग नंबरों से फोन कर उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मोबाइल नंबर 9199404559 से उनके नंबर पर कई बार कॉल किया गया। इसके अलावा 9006748775 नंबर से भी लगातार संपर्क किया गया। आवेदन में अलग-अलग तारीखों में आए कॉल का ब्योरा देते हुए शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि फोन करने वाला व्यक्ति खुद को किसी गिरोह से जुड़ा बताकर पांच करोड़ रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि फोन करने वाले ने परिवार और घर के सदस्यों से संबंधित जानकारी होने की बात कही और धमकी देते हुए पैसे की व्यवस्था करने को कहा। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले को लेकर अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
आवेदन के अनुसार, 30 जुलाई से 3 अगस्त के बीच भी लगातार फोन कॉल आते रहे। शिकायतकर्ता ने कॉल की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी है। आवेदन के साथ कॉल रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव में उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया गया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस उस मोबाइल नंबर तक पहुंची, जिससे कथित तौर पर धमकी भरे फोन किए जा रहे थे। इसी कड़ी में पुलिस ने संबंधित नंबर से जुड़े व्यक्ति की पत्नी को हिरासत में लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरे फोन वास्तव में कौन कर रहा था और इसमें महिला या उसके पति की क्या भूमिका है।
पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल नंबरों और शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराई गई कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शिकायतकर्ता ने आवेदन में मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

