दुबई के नंबर से 5 करोड़ की रंगदारी: व्यवसायी की रेकी कर भेजी हर गतिविधि की जानकारी, परिवार को जान से मारने की धमकी
राँची।राजधानी में व्यवसायियों से रंगदारी मांगने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। एक बार फिर हटिया के एक व्यवसायी को दुबई के नंबर से व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो संदेश भेजकर पांच करोड़ रुपये की मांग की गई है। धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और उसके गिरोह से जुड़ा बताते हुए रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार की हत्या की चेतावनी दी है।पीड़ित व्यवसायी उमा शंकर सिंह ने इस मामले में जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस तकनीकी जांच में जुट गई है और धमकी देने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
रेकी कर भेजी हर गतिविधि की जानकारी
धमकी भरे संदेशों में अपराधियों ने व्यवसायी की निजी गतिविधियों से जुड़ी कई जानकारियां साझा की हैं। उनकी गाड़ी का नंबर, कारोबार की जगह, रोज मंदिर जाने का समय और आने-जाने की दिनचर्या तक व्हाट्सएप पर भेजी गई है। इससे व्यवसायी और उनका परिवार दहशत में है।व्यवसायी का कहना है कि इतनी सटीक जानकारी किसी ऐसे व्यक्ति के जरिए ही अपराधियों तक पहुंच सकती है, जो उनके बेहद करीब हो या लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा हो। उन्होंने पुलिस से ऐसे मुखबिर की भी पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्नी, बेटों और भतीजे को भी दी गई धमकी
धमकी में व्यवसायी की पत्नी संध्या सिंह, दोनों बेटों बिट्टू और चिंटू तथा भतीजे टुकटुक का नाम लेकर जान से मारने की चेतावनी दी गई है। इससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
पहले भी मिल चुकी है रंगदारी की धमकी
उमा शंकर सिंह ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उन्हें राहुल सिंह गिरोह के नाम पर रंगदारी के लिए धमकाया गया था। उस मामले में 19 अक्टूबर 2025 को भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अब दुबई के नंबर से आई नई धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
राजधानी में पिछले कुछ समय से व्यवसायियों को विदेशी नंबरों से कॉल और व्हाट्सएप के जरिए धमकाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वास्तव में संगठित अपराध गिरोह की ओर से दी गई है या फिर अपराधियों द्वारा उनका नाम इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश की जा रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

