जमशेदपुर में युवक की हत्या, होटल के पास फेंका शव; जेल से कुछ दिन पहले ही छूटा था चंदन गिरी

 

जमशेदपुर। शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छायानगर स्थित साहू होटल के पास चंदन गिरी की हत्या कर शव फेंके जाने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चंदन की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है।

स्थानीय लोगों ने सुबह होटल के पास शव पड़ा देखा। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या से जुड़े संभावित साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया।

मृतक चंदन गिरी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह होमपाइप इंदिरानगर का रहने वाला था और कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस के अनुसार, अपराधी प्रवृत्ति के चंदन की हत्या आपसी विवाद या किसी पुरानी रंजिश के चलते किए जाने की आशंका से भी जांच की जा रही है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस को आशंका है कि किसी दूसरी जगह पर चंदन की हत्या करने के बाद उसके शव को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में लाकर फेंका गया। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के परिचितों और उसके आपराधिक संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और हत्या के तरीके की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है और हत्यारों तक पहुंचने के लिए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

error: Content is protected !!