करदाता पहले, कार्रवाई बाद में; संवाद से सुलझाएं मामले: प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त
जमशेदपुर।बिहार-झारखण्ड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. डी. सुधाकर राव ने आयकर अधिकारियों को करदाताओं के प्रति संवेदनशील और पारदर्शी रवैया अपनाने की नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले संवाद के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाना चाहिए।
अपने पहले जमशेदपुर दौरे पर पहुंचे डॉ. राव ने नए डायरेक्टर्स बंगले में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद रूसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में आयोजित बैठक में उन्होंने नए आयकर कानून की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को प्रभावी कर प्रशासन के गुर बताए।उन्होंने कहा कि टैक्स कलेक्शन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और भरोसेमंद होनी चाहिए, ताकि करदाताओं का विभाग पर विश्वास मजबूत हो।
बैठक के बाद उन्होंने सेंटर फॉर एक्सीलेंस का भी भ्रमण किया।
अप्रैल में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह उनका झारखण्ड का पहला दौरा है। वे दो दिनों तक जमशेदपुर में रहेंगे। उनके आगमन को लेकर आयकर विभाग के अधिकारी पूरे दिन सक्रिय और सतर्क नजर आए।

