वीकेंड लॉकडाउन:सड़कों पर पसरा है सन्नाटा,बिना काम के बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई की जा रही है,जरूरी सेवा के लिए आवाजाही जारी है

राँची।राज्य में कोरोना संक्रमण की चेन को पूरी तरह से तोड़ने के लिए मिनी लॉकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) के बाद अब अनलॉक के दाैरान वीकेंड लॉकडाउन लागू किया जा रहा है।राँची,जमशेदपुर,धनबाद,बोकारो,गिरिडीह,हजारीबाग,जामताड़ा, देवघर, दुमका,गोड्डा,साहिबगंज,पाकुड़,खूंटी,रामगढ़ समेत झारखण्ड के सभी जिलों में शनिवार की शाम 4 बजे वीकेंड लॉकडाउन-2 शुरू हुआ।आज यानी रविवार 20 जून को पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। 21 जून सोमवार सुबह 6 बजे के बाद वीकेंड लॉकडाउन समाप्त हो जाएगा। इसके बाद तमाम दुकान-बाजार खुल जाएंगे। हालांकि इसके बाद शाम चार बजे फिर दुकान-बाजार बंद हो जाएंगे। क्योंकि दुकानों को खोलने का समय शाम 4 बजे तक की निर्धारित है।

दूसरा वीकेंड लॉकडाउन

झारखण्ड में 19 जून की शाम 4 बजे दूसरा वीकेंड लॉकडाउन शुरू हुआ। पहला वीकेंड लॉकडाउन 12 जून की शाम 4 बजे से 14 जून की सुबह 6 बजे तक था। झारखण्ड में कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए 22 अप्रैल को मिनी लॉकडाउन(स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) लगा था। इसके बाद 3 जून से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई। 17 जून की सुबह छह बजे से 24 जून की सुबह 6 बजे तक अनलॉक 3.0 की अवधि है।

फल, सब्जी और राशन आदि की दुकानें बंद

राजधानी राँची में शनिवार 19 जून की शाम चार बजे से 38 घंटे के लिए सब्जी, राशन, फल की भी दुकानें बंद हो गईं। अब ये दुकानें सोमवार 21 जून की सुबह छह बजे के बाद ही खुलेंगी। यानी आज रविवार को राज्य में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। राज्य सरकार ने कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने के लिए पिछले दो हफ्ते से साप्ताहिक लॉकडाउन लागू किया है, ताकि लोग घरों से बाहर नहीं निकलेंगे तो कोरोना वायरस की चेन टूटेगी और संक्रमण पर लगाम कसने में सहुलियत होगी। सोमवार की सुबह छह बजे के बाद फिर सभी दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुल जाएंगी और हर दिन शाम चार बजे तक खुलेंगी। रविवार को कंप्लीट लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान डेयरी आउटलेट व मेडिकल सेवा समेत अन्य को पाबंदियों से छूट दी गयी है। शेष सभी दुकानें बंद रहेंगी। वीकेंड लॉकडाउन के दाैरान घर से बाहर जाने वाले यात्रियों को रेल या एयर टिकट दिखाना होगा।

वीकेंड लॉकडाउन से इन्हें छूट

डेयरी आउटलेट

डायग्नोस्टिक सेंटर

क्लीनिक

अस्पताल

पेट्रोल पंप

रसोई गैस

रेस्टोरेंट से होम डिलिवरी

कोल्ड स्टोरेज

गोदाम

हाइवे पर ढाबा

मालवाहक वाहन

दूध की दुकानें

दवा की दुकानें

सीएनजी