धनबाद के मोहलबनी मुक्तिधाम में मुखाग्नि को लेकर खूनी झड़प: 1.5 लाख की मांग पर परिजनों को पीटा, 5 घायल

​धनबाद।धनबाद जिले के मोहलबनी मुक्तिधाम में रविवार को उस वक्त मानवता शर्मसार हो गई, जब एक अंतिम संस्कार के दौरान मुखाग्नि देने को लेकर मृतक के परिजनों और डोम राजा पक्ष के बीच खूनी संघर्ष हो गया। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के सीएफआरआई फुटबॉल ग्राउंड निवासी शिव दास यादव के निधन के बाद परिजन शव लेकर मुक्तिधाम पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां डोम पक्ष की ओर से मुखाग्नि के एवज में 1 लाख 51 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि मांगी गई। जब परिजनों ने ₹2,100 देने की बात कही, तो आरोपी ₹1 लाख लेने की जिद पर अड़ गए।

​विवाद बढ़ता देख परिवार के बुजुर्गों की सलाह पर मृतक के बेटे ने बिना डोम से आग लिए खुद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी बात से आक्रोशित होकर सुमित मांझी, सागर डोम, रंजन और अभिषेक ने मुक्तिधाम को अपना अधिकार क्षेत्र बताते हुए मुखाग्नि रोक दी। देखते ही देखते 20 से अधिक लोग लाठी-डंडे और बांस लेकर पहुंचे तथा परिजनों पर हमला कर दिया। मारपीट में उपेंद्र यादव, कुश कुमार और सुखदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें सुखदेव का दायां हाथ टूट गया। दूसरे पक्ष से भी गीता डोम और सागर डोम घायल हुए हैं।

​हंगामा इतना बढ़ गया कि सुदामडीह पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद आरोपियों ने पुलिस की मौजूदगी में ही दोबारा मारपीट की। घायलों को चासनाला सीएचसी ले जाया गया, जहां से उपेंद्र और कुश की गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद SNMMCH रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना के बाद वार्ड 51 के पार्षद वीरेंद्र कुमार ने नगर निगम से मांग की है कि मुक्तिधाम में अवैध वसूली और गुंडागर्दी रोकने के लिए निगम द्वारा तय दर पर रसीद व्यवस्था तुरंत लागू की जाए।

error: Content is protected !!