स्वर्णरेखा नदी में समाए दो युवक, रातभर चला तलाश अभियान; नाव पलटने से हादसे की आशंका, तीसरे साथी ने तैरकर बचाई जान

 

जमशेदपुर। जमशेदपुर में लगातार बारिश के बाद उफनती स्वर्णरेखा नदी में दो युवक लापता हो गए। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती स्थित जिला स्कूल घाट के पास शुक्रवार देर रात हुए इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों युवक अपने एक साथी के साथ नाव से नदी में गए थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गई। तीसरा युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि अमित सिंह और अमित उर्फ बिट्टू नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग नदी किनारे जुट गए। रात में ही दोनों की तलाश शुरू की गई, लेकिन अंधेरा और नदी का तेज बहाव बचाव कार्य में बाधा बनता रहा। शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।समाचार लिखे जाने तक अभियान जारी थी।

 

लापता अमित सिंह की पत्नी के मुताबिक, अमित शुक्रवार रात करीब 10 बजे नदी में आई बाढ़ देखने के लिए घर से निकले थे। वहीं, अमित उर्फ बिट्टू की बहन ने बताया कि वह शाम करीब पांच बजे दुर्गा पूजा का चंदा लेने निकला था। इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे। नदी में उनके लापता होने की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक तैरना जानते थे और अक्सर सुवर्णरेखा नदी में नाव के सहारे मछली पकड़ने जाते थे। शुक्रवार की रात भी वे अपने साथी विक्की के साथ नाव लेकर नदी में उतरे थे। नदी के बीच पहुंचने के दौरान अचानक नाव पलट गई। विक्की किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन अमित और बिट्टू तेज धारा में बह गए।

लगातार बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद नदी में जाने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी में उतरने या तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचें।

error: Content is protected !!