20 दिन की इंस्टाग्राम दोस्ती में चढ़ा प्यार का खुमार,लड़की से मिलने झारखण्ड पहुंचा युवक; ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा,दो अस्पताल में भर्ती,तीसरा भाग निकला..
चतरा। इंस्टाग्राम पर करीब 20 दिन पहले शुरू हुई दोस्ती कब मिलने की चाहत में बदल गई, इसका अंदाजा शायद बिहार के युवक को भी नहीं था। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद लड़की से मिलने बिहार से झारखण्ड पहुंचे तीन युवकों को गांव में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद तीनों के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरा युवक किसी तरह वहां से भाग निकला।
घटना चतरा के हंटरगंज थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव की बताई जा रही है। घायल युवकों की पहचान गया जिले के बांके बाजार थाना क्षेत्र के जोंधी गांव निवासी रंजन कुमार और रंजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों का इलाज हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर मिलने का आया बुलावा
घायल रंजन के अनुसार करीब 20 दिन पहले इंस्टाग्राम के जरिए भोजपुर गांव की रहने वाली एक लड़की से उसकी दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी। रंजन का दावा है कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे लड़की ने फोन कर उसे मिलने के लिए गांव बुलाया।इसके बाद रंजन अपने दो दोस्तों रंजीत कुमार और सुजीत कुमार के साथ बाइक से भोजपुर गांव पहुंच गया। लेकिन गांव पहुंचते ही हालात बदल गए। आरोप है कि लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आशिकी की मुलाकात से पहले ही शुरू हो गई ‘पिटाई’
ग्रामीणों की कथित पिटाई में रंजन और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, उनके साथ मौजूद सुजीत कुमार किसी तरह ग्रामीणों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रहा।घटना के बाद ग्रामीणों ने ही दोनों घायल युवकों को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
फिलहाल घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस की कार्रवाई को लेकर समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। दोनों पक्षों के बयान और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गांव में वास्तव में क्या हुआ था।

