जमशेदपुर में गैंगवार की आहट! रेस्टोरेंट में बरसीं गोलियां, चार लोग घायल; SSP-DIG ने संभाला मोर्चा

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे चार लोगों के साथ पहले मारपीट हुई और देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात में चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

खाना खाने पहुंचे थे चार लोग,दूसरे गुट के अचानक पहुंच गए 3-4 युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डोमिनिक सैमसन, कृष्णा चौबे, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां तीन से चार युवक पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।


बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में चारों लोग घायल हो गए। गोली चलने की आवाज से मॉल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।करीब 10-15 राउंड फायरिंग हुई है।

घायलों में डोमिनिक सैमसन भी शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर उन्हें झामुमो नेता और जमीन कारोबारी बताया जा रहा है। अन्य घायलों की पहचान कृष्णा चौबे, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद के रूप में हुई है। डोमिनिक सैमसन आदित्यपुर, एमडी रिजवान आजादनगर तथा कृष्णा चौबे और एमडी दिलशाद कपाली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

डोमेनिक

चारों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल चारों लोगों का पूर्व में आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। रिजवान और इरशाद के नाम गणेश सिंह पर फायरिंग और बम से जानलेवा हमला मामले में आरोपी के रूप में भी सामने आए हैं। वहीं डोमिनिक सैमसन के खिलाफ हत्या, फायरिंग समेत अन्य मामलों में आपराधिक इतिहास होने की बात कही जा रही है।हालांकि, इन पुराने मामलों और शनिवार की फायरिंग के बीच क्या संबंध है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

मौके पर पहुंचे SSP और कोल्हान DIG
फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। मॉल परिसर और आसपास के इलाके में भी छानबीन की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर एसएसपी के अलावा कोल्हान DIG अनुरंजन किस्पोट्टा भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों को मामले की जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस अब बिंदल मॉल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात के दौरान मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और फायरिंग के बाद आरोपी किस दिशा में भागे।
पुलिस विवाद की शुरुआत से लेकर फायरिंग तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण था, इसकी भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस घायलों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। दिनदहाड़े मॉल के पास हुई फायरिंग से मरीन ड्राइव और सोनारी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

error: Content is protected !!