Jharkhand:बसिया में संतोष मुंडा हत्याकांड के मामले में राँची से दो शूटर और मुख्य आरोपी गिरफ्तार

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में बसिया अनुमंडल मुख्यालय में हुए संतोष मुंडा हत्याकांड में पुलिस ने झारखण्ड की राजधानी राँची से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।मृतक संतोष मुंडा तोरपा विधायक कोचे मुंडा का साला था। 30 अप्रैल को अपराधियों ने बसिया के पावरग्रिड के पास गोलियों से उसे छलनी कर दिया था। हत्या के समय संतोष अपने घर से सुबह टहलने निकला था।इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थी।

वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार संतोष मुंडा हत्याकांड में कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। उनसे मिले सुराग के आधार पर मुख्य आरोपी और दो शूटरों को राँची से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी मृतक संतोष का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उसके परिजनों से जमीन को लेकर संतोष के घरवालों का विवाद रहा है। लगातार तीन दिन रेकी के बाद एक मोटरसाइकिल से आए तीन अपराधियों ने संतोष मुंडा को नौ गोलियां मारी थीं। इस वारदात में मौके पर ही संतोष ने दम तोड़ दिया था।

इधर बसिया पुलिस अभी संतोष मुंडा हत्याकांड में गिरफ्तार के सम्बंध में कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। विधायक के साले की दिनदहाड़े अनुमंडल मुख्यालय में गोली मारकर हत्या की घटना से पूरे गुमला जिले में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद से पुलिस घटना को चुनौती मानकर अपराधियों की धर-पकड़ में जुटी थी।वहीं बसिया एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी व थाना प्रभारी अनिल लिंडा ने वारदात का खुलासा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया था।