सरायकेला:माँ के साथ तीन वर्षीय बेटी का शव नीम के पेड़ में फंदे से लटका मिला,पति हिरासत,पुलिस जांच में जुटी

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेलाा-खरसावां जिले के राजनगर इलाके में दो शव बरामद किए गए हैं। दोनों शव एक नीम के पेड़ में कपड़े के सहारे लटक रहे थे। मरने वालों की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के घुटुसाई गांव निवासी बासुदेव टुडू की पत्नी सलगो टुडू (22) और तीन वर्षीय बेटी फूलो टुडू के रूप में की गई है। गुरुवार की सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पेड़ से उतारा गया। पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए पति बासुदेव को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात बासुदेव नशे में था। पत्नी ने नशा करने का विरोध किया। इसको लेकर पति व पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। ग्रामीणों की माने तो गुरुवार की सुबह सलगो टुडू को पानी लाने के लिए जाते हुए देखा गया था। इसके कुछ देर के बाद माँ-बेटी का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस हत्या के बिंदु पर भी जांच कर रही है। पुलिस इसका पता लगा रही है कि जिस कपड़े के सहारे फंदा लगाया गया है वह कपड़ा बासुदेव का घर का है या कहीं दूसरे स्थान का। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।