देवघर:बालू घाट की रखवाली कर रहे चौकीदार की गोली मारकर हत्या कर दी…..

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के बंका डढ़वा नदी बालू घाट पर अपराधियों ने चौकीदार की गोली मारकर हत्या कर दी।अपराधियों ने 52 वर्षीय सिंघेश्वर मिर्धा की सिर में गोली मारी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जसीडीह थाना में कार्यरत चौकीदार सिंघेश्वर मिर्धा को बंका बालू घाट से अवैध बालू उठाव के रोकथाम के लिए लगाया गया था। इस बालू घाट की नीलामी नहीं हुई है और यहां से ट्रैक्टर से बालू माफियाओं द्वारा अवैध रूप से बालू का उठाव किया जाता है।

वहीं मृतक की पत्नी देवंती देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे छबेलबदिया गांव निवासी सदानंद राउत ने सिंघेश्वर को फोन किया था। उसने कहा था कि घर में खीर बना है और वह खाने के लिए आए। वहां जाने की बात कहकर सिंघेश्वर घर से निकला था लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं आया।बताया जाता है कि वह ज्यादातर समय बालू घाट पर ही रहता था। चौकीदार शाम छह बजे हर दिन घर आता था। घर में चाय, नाश्ता और खाना खाकर वह फिर से रात को घाट चला जाता था। शु्क्रवार की रात वह घर नहीं आया तो घर वालों ने उसका पता लगाने का प्रयास किया। रात को आठ बजे के बाद से उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा था।

इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने शनिवार सुबह बालू घाट पर उसका शव देखा। उसके बाद घर वालों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर एसपी सुभाष चंद्र जाट, एसडीपीओ पवन कुमार, प्रभारी थाना प्रभारी अविनाश कुमार आदि ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक खोखा बरामद किया है। हालांकि, मोबाइल नहीं मिला है और गायब मोबाइल का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

इधर परिजनों का आरोप है कि चार-पांच ट्रैक्टर चालकों ने पहले सिंघेश्वर को अवैध रूप से बालू उठाव को लेकर प्रलोभन दिया था। वह उनकी बात नहीं माना तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। उसने इसकी सूचना थाना के वरीय अधिकारियों को भी दी थीमआरोप है कि छबेबदिया गांव निवासी सदानंद राउत, बंका गांव निवासी बछडू सिंह, बोढनिया गांव निवासी विशेश्वर यादव, महेन्द्र यादव व अन्य ने साजिश के तहत उसकी गोली मारकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे सदानंद उसके घर पर आया था, उसने पूछा कि सिंघेश्वर कहां है।

बताया जाता है कि जिस जगह पर घटना को अंजाम दिय गया है वह बिहार की सीमा से सटा हुआ है। पुलिस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की गहन जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सिंघेश्वर की सात बेटी और एक बेटा है। अभी सिर्फ दो बेटी की ही शादी हुई है। अभी पांच बेटी और एक बेटे की शादी होनी है। उसके परिवार का पूरा खर्च उसकी कमाई पर निर्भर था।घटना की सूचना मिलने के बाद से पत्नी देवंती देवी और अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें चिंता है कि घर कैसे चलेगा। बच्चों की शादी कैसे होगी।

देवघर में पुलिस का अपराधियों में कोई खौफ नहीं हैं।इससे आपको पता चलेगा कि किस कदर अपराधी बेलगाम हैं।दो महीने पहले देवघर नगर थाना क्षेत्र के श्यामगंज रोड में शनिवार 11 फरवरी, 2023 की देर रात हुई दो जवानों की हत्या कर दिया था।दो महीने बाद चौकीदार की हत्या।अपराधी मस्त है और देवघर पुलिस पस्त है।