Jharkhand:सीओ के बेटे ने फाँसी लगाकर की आत्महत्या,पुलिस छानबीन में जुटी है

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में शहर थाना क्षेत्र के सुदना में सतबरवा सीओ युगेश्वर सिंह के बेटे सुधीर कुमार सिंह (26) ने अपने घर में फांसी लगा सुसाइड कर ली। युवक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर राँची में रह रहा था। दो दिनों पूर्व ही वो घर आया था।बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में कोई नहीं था।सुधीर को गुरुवार की शाम से ही घर वाले उसे फोन कर रहे थे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। आज दिन में भी जब उसने फोन नहीं उठाया तब उसके परिजन वहां पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। कमरे के अंदर सुधीर का शव पंखे से लटकता मिला।

वहीं बताया जा रहा है कि आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को वजह माना जा रहा है।सीओ युगेश्वर सिंह सतबरवा में ड्यूटी के बाद लातेहार जिला के बरवाडीह थाना क्षेत्र के मेदिनीपुर गांव चले जाते थे। उनका पूरा परिवार इसी गांव में रहता है। वहीं, डाल्टेनगंज स्थित सुदना वार्ड संख्या 10 में बना उनका घर फिलहाल खाली था, जहां सुधीर ने सुसाइड किया। तीन बेटी और दो बेटों में सुधीर दो बेटियों के बाद तीसरे नंबर पर था।

इधर टीओपी तीन प्रभारी अभिमन्यु सिंह मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में लगे हैं।वहीं बताया जा रहा है कि राँची से आने पर सुधीर ने जेलहाता में रहने वाली अपनी बहन से घर की चाभी ली थी। टीओपी तीन प्रभारी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि परिजनों से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक लड़का काफी भावुक प्रवृत्ति का था। उसका किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसी के चक्कर में उसने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए मेदिनीनराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की पड़ताल में लगी है।