देवघर में डबल मर्डर से सनसनी,पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर आरोपी वहीं छुप गया था,पुलिस ने किया गिरफ्तार…

देवघर। झारखण्ड के देव नगर देवघर में नगर थाना क्षेत्र के नीचे सिंघवा तालाब के पास सोमवार की आधी रात के बाद एक दंपती की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना को अंजाम देने वाला युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं हत्या करने में प्रयोग किया गया लोहे का रॉड भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।जानकारी के अनुसार,मृतक 60 वर्षीय अनुज कुमार बरनवाल और उनकी पत्नी 55 वर्षीय पत्नी बासमती देवी मूल रूप से सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के झाझा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार के रहने वाले थे। करीब दस वर्ष से यहां घर बनाकर अपनी पत्नी के साथ रहते थे। घर में ही एक जनरल स्टोर था, जिसमें पत्नी बैठती थी।वहीं अनुज का सरकारी बस स्टैंड के पास एक पान का गुमटी था। दोनों की चार बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है। इनकी हत्या करने वाला आरोपी युवक अमन महथा उर्फ फुचका इसी इलाके का रहने वाला था। उसका घर इनके घर से करीब आधा किमी की दूरी पर स्थित है।

बताया जाता है कि दंपती का शव उनके घर के अंदर ही लहूलुहान हालत में बरामद किया गया। पत्नी का शव कमरे के दरवाजे के पास, तो पति का शव बाथरुम के पास गिरा हुआ था। अनुज के हाथ में घर की चाबी थी। वहीं पास में हत्या में प्रयोग किया गया रॉड रखा हुआ था।इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घर अंदर से बंद था। ऐसे में पुलिस दुकान का शटर काटकर अंदर घुसी और कमरे के छज्जा में छुपकर बैठे आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया। बताया जाता है कि आरोपी युवक ड्रग्स के नशे का आदि था।

मृतक के रिश्तेदार मुकेश बरनवाल ने बताया कि वह दंपती के घर के पास रहता है। उन्हें आसपास के लोगों ने सूचना दी कि घर के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही हैं। उसने बताया कि रात करीब 12:16 बजे उसने दंपती के फोन पर काॅल किया, लेकिन बात नहीं हो पाई।उसके बाद वह आसपास के लोगों को लेकर वहां पहुंचा। अंदर शोर सुनाई देने के साथ ही युवक भी नजर आया। बताया जाता है कि कुछ देर तक अंदर से चीखने- चिल्लाने की आवाज आई। आवाज महिला की ज्यादा थी। उसके बाद माहौल शांत हो गया।रात एक बजे के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के 15 मिनट के अंदर पुलिस टीम वहां पहुंच गई। इस बीच लोगों ने घर की दीवार पर छेद कर अंदर घुसने का प्रयास किया। वहीं छत के रास्ते भी अंदर जाने की कोशिश की गई, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए। बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घर सह दुकान के शटर को तोड़ा और अंदर घुसे।

अंदर घुसते ही पुलिस के होश उड़ गए।दोनों का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उनके सिर व चेहरे पर गहरे जख्म के निशान थे। वहीं कमरे में बने बक्सानुमा छज्जा के अंदर आरोपी छुप कर बैठा था। वहां से उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने घटना को अंजाम देने के बाद घर को अंदर से पूरी तरह से बंद कर दिया।उसने घटना को अंजाम देने के बाद कमरे के वेंटिलेटर को तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन जब उसे पता चला कि लोगों ने घर को चारों ओर से घेर लिया है और अगर वह बाहर निकला तो उसे लोग जान से मार देंगे तो वह अंदर ही छुपकर बैठ गया।

वहीं आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस को लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। लोग काफी आक्रोशित थे और वे आरोपी को अपने तरीके सजा देना चाह रहे थे।उसे मार देना चाहते थे। इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी की। पुलिस किसी तरह से आरोपी को पकड़कर थाना लाई।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी सत्येन्द्र प्रसाद, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप, कुंडा थाना के एसआइ संतन कुमार, एसआइ ओपी सिंह, कुमार अभिषेक, अनुप कुमार, अनिमानंद रौशन टोपनो, यशवंद सिंह, अविनाश कुमार, कपील, एएसआइ मनोज पासवान, रामानुज सिंह, एलबी पांडेय, मुकेश सिंह व अन्य मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने कहा कि आरोपी घर के अंदर कैसे घुसा इसकी पुलिस जांच कर रही है। कुछ लोगों का अनुमान है कि वह छत के रास्ते अंदर घुसा। कुछ का कहना था कि वह पहले से अंदर में घुसा हुआ था। वहीं यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने दरवाजा पर दस्तक देकर उसे खुलवाया और अंदर घुसने के बाद उसने चोरी करने का प्रयास किया। अंदर लगे मोटर के पास ऐसे निशान मिले जिससे लगता है कि मोटर चोरी करने का प्रयास किया गया।वहीं दुकान के गल्ला को भी खोलकर पैसा चोरी करने का प्रयास किया गया। इसका विरोध करने पर उसने पहले अनुज की हत्या कर दी। बाद में पत्नी बचाने आई तो उसने उसे भी मार दिया। हालांकि आसपास के लोगों का कहना था कि दंपति हर दिन रात को 7:00 से 7:30 बजे के बीच दुकान व घर के दरवाजा को अंदर से बंद कर लेते थे। चूंकि उस घर में उनके अलावा और कोई नहीं रहता था।

स्थानीय लोगो का कहना है कि आसपास नशेडियों का जमावड़ा रहता था। इस कारण डर से वे दरवाजा नहीं खोलते थे।ऐसे में किस परिस्थिति में उन्होंने आधी रात के करीब दरवाजा खोल दिया ये जांच का विषय है। चूंकि मृतक के हाथ में चाबी है इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने दरवाजा को खोला और उसके बाद ये घटना हुई। क्योंकि और किसी रास्ते से युवक के अंदर घुसने का कोई निशान नहीं मिला है। बताया जाता है कि युवक ने प्रारंभिक पूछताछ में हत्या करने की बात कबूल कर ली है।

वहीं पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना में उसके साथ और कोई तो शामिल नहीं था। वह घर के अंदर कब और कैसे घुसा। उसने दोनों ही हत्या क्यों कर दी। वह रॉड अपने साथ लेकर आया था या फिर वह उसे घर में ही मिल गया। पुलिस इन सब का जवाब आरोपी से पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। वहीं दंपति के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।