Jharkhand:पुल की रेलिंग से लटका युवक का लाश मिला,ससुराल से घर जाने के लिए निकला था,हत्या या आत्महत्या,छानबीन में जुटी है पुलिस

पलामू।जिले के सदाबह नदी पर बने पुल के रेलिंग से लटका युवक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।ये मामला पाटन थाना क्षेत्र के नगेसर गांव का है।जहां रविवार को युवक का शव लटका मिला है, वह पाटन को पंडवा और छतरपुर थाना क्षेत्र की सीमा से जोड़ता है। यह हत्या है या आत्महत्या, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया गया कि मृतक का नाम रामशंकर सिंह (23) है। उसकी पहचान युवक की पत्नी संध्या देवी ने की। युवक का घटनास्थल से आधा किलोमीटर की दूरी पर ससुराल है। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो बच्चे हैं। बताया जाता है कि मृतक दो दिन पहले छतरपुर थाना क्षेत्र के पलवा गांव स्थित अपने ससुराल गया था। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह ससुराल से अपने घर जाने के लिए निकला। इसके एक घंटे के बाद उसका शव पुल की रेलिंग के सहारे नदी की ओर नीचे फंदे से लटका मिला।

इधर घटना की जानकारी मिलने पर पाटन थाना प्रभारी प्रकाश राम सदलबल मौके पर पहुंचे। जांच के क्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस को बताया कि 9 बजे तक पुल पर सब सामान्य था। कोई शव वहां नहीं था।

इधर कुछ देर बाद मृतक की पहचान हो सकी। उसके घर वाले और ससुराल वाले दोनों घटनास्थल पर पहुंचे। ससुराल वालों ने बताया कि वहां से घर जाने के लिए जब चला तो बिल्कुल ठीक था। घर वालों ने भी अभीतक किसी पर आरोप नहीं लगाया है।वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।