भोजपुरी फ़िल्म स्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में पत्थरबाजी,महिला डांसर घायल….

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में पत्थरबाजी हो गयी।उसके बाद फिल्म स्टार इतने नाराज हुए कि कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चले गये। मामला पलामू जिला में झारखण्ड-बिहार की सीमा पर स्थित नौडीहा बाजार प्रखंड के करकट्टा का है।भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में भीड़ से किसी ने पत्थर चला दिया, जिससे एक महिला डांसर का सिर फट गया। पुलिस के दो जवान भी चोटिल हो गये। इस घटना के बाद कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा।वहीं, खेसारी लाल यादव भी नाराज हो गये।उन्होंने लोगों को खूब खरी-खोटी सुनायी. कहा, ‘हम पिक्चर बनाकर अच्छा पैसा कमा लेते हैं। हमें स्टेज प्रोग्राम करने की जरूरत नहीं, लेकिन लोगों का प्यार देखकर मैं इस तरह के प्रोग्राम करता हूं। आपलोगों द्वारा इस तरह का व्यवहार अच्छा नहीं लगा। वे बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर छतरपुर स्थित होटल चले गये।

जानकारी के अनुसार, रामनवमी के उपलक्ष्य में नौडीहा बाजार प्रखंड स्थित करकट्टा पंचायत की मुखिया मंजू देवी के पति रामबली पासवान की ओर से रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। रामबली पासवान नौडीहा थाना में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व सांसद मनोज कुमार ने किया।

खेसारी लाल यादव ने भक्ति गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में पांच महिला डांसर नृत्य कर रही थीं। सूत्रों के अनुसार, भोजपुरी गायक खेसारी को निशाना बनाते हुए भीड़ से ईंट-पत्थर चलाये गये,जो एक महिला डांसर और पुलिस के दो जवानों को लगे।महिला डांसर का इलाज निजी चिकित्सक के पास कराया गया।

बताया जा रहा है कि उक्त कार्यक्रम पर लगभग 30 लाख रुपये से अधिक खर्च किये गये थे। बिहार के डेहरी ऑन सोन से चार लाख में साउंड सिस्टम मंगाया गया था, जबकि महिला डांसर तीन लाख में लायी गयी थीं। थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि पत्थर लगने से एक डांसर व दो पुलिस जवान को भी चोट लगी है।