दोहरी हत्या से इलाके में सनसनी: जंगल में मिला युवती का जला शव, वृद्ध महिला का गला रेतकर हत्या..
जमशेदपुर। झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका क्षेत्र में बुधवार (होली के दिन) का दिन दहला देने वाला रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों ही मामलों की गुत्थी सुलझाने के लिए सघन जांच अभियान चला रही है।
पहली घटना कोवाली थाना क्षेत्र की है, जहां झारखण्ड-ओडिशा सीमा पर स्थित जंगल के पास करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिला। अपराधियों ने पहचान छुपाने के लिए मृतका के चेहरे और शरीर को बुरी तरह जला दिया था। घटनास्थल से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को आग के हवाले किया गया। कोवाली पुलिस सोशल मीडिया के जरिए शिनाख्त की कोशिश कर रही है।
दूसरी वारदात पोटका थाना क्षेत्र के कलिकापुर गांव की है। यहां खेतों में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, महिला दातून बेचकर जीवन यापन करती थी। बुधवार को बाजार से लौटते समय अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
आसपास के थानों से गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इन दोहरी हत्याओं ने स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी हो सके।

