रिश्ता शर्मसार: दो साल की बच्ची के साथ गलत हरकत,रिश्तेदार ने ही दिया घटना को अंजाम,आरोपी गिरफ्तार

लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले में दो साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर बच्ची के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। परिजनों के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना सेन्हा थाना क्षेत्र की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक अपनी मौसी के घर आया था।जहां युवक ने एक दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना की पुष्टि लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने की है।उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। एसडीपीओ ने बताया कि युवक अपनी मौसी के घर आया हुआ था। जहां पर उसने सोमवार को मौसी से कहा कि वह अपने मौसेरे भाई की बेटी को घूमा कर लाता है। जिसके बाद वह बच्ची को लेकर घूमाने के लिए चला गया। जब काफी देर बाद वह वापस लौटा तो बच्ची के शरीर से खून बह रहा था। जिसे देखकर परिजन परेशान हो गए।

आरोपी युवक ने परिजनों को बताया कि बच्ची नदी के पास खेल रही थी।इस दौरान उसे चोट लग गई थी। हालांकि आरोपी की बात पर परिजनों को भरोसा नहीं हुआ। जिसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना सेन्हा थाना पुलिस को दी। सेन्हा थाना पुलिस ने बच्ची को इलाज के लिए सेन्हा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस मामले में जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

लोहरदगा में विगत तीन दिनों के अंदर दुष्कर्म की तीन घटनाएं हुई हैं।पहली घटना कुडू थाना क्षेत्र में हुई थी। जहां फेसबुक पर दोस्ती और बातचीत के बाद के आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।वहीं दूसरी घटना लोहरदगा जिले के बगडू थाना क्षेत्र में हुई थी।जहां 11 लोगों ने मिलकर दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।अब तीसरी घटना लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में आई है।जहां दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है।