दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म,पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी को किया गिरफ्तार….

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के मारंगहदा थाना क्षेत्र के डाड़ीगुटू मैदान के पीछे दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया है। नाबालिग लड़कियों के परिजनों की शिकायत पर मारंगहदा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में मारंगहदा थाना क्षेत के डाड़ीगुटू गांव निवासी लुकस टुटी और गोडविन टुटी शामिल है।

परिजनों के आवेदन के अनुसार मारंगहदा थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की शाम नाच-गान का कार्यक्रम चल रहा था। जहां दोनों नाबालिग लड़कियां भी पहुंची थीं। शुक्रवार देर शाम नाच-गाना के बाद खाना खाने के बाद दोनों लड़कियां घर लौट रही थीं।इसी क्रम में दो युवक दोनों लड़कियों का पीछा करने लगे और जबरन दोनों लड़कियों को जंगल की तरफ ले गए।जहां दोनों युवकों ने नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद दोनों पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने थाना पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।शनिवार को पुलिस ने दोनों पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया और जांचोपरांत दुष्कर्म के आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

खूंटी डीएसपी वरुण कुमार रजक ने घटना की पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि घटना शुक्रवार देर शाम की है।उन्होंने बताया कि जांचोपरांत दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।छापेमारी टीम में थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा,पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, सहायक अवर निरीक्षक कृष्णकांत मेहता और मारंगहदा थाना के सशत्र बल शामिल थे।