हजारीबाग में प्रेमिका ने की अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी की हत्या,छड़वा डैम से शव बरामद,प्रेमिका सहित दो गिरफ्तार…

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के छड़वा डैम से अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत कुमार सिन्हा का शव बरामद किया गया है। प्रशांत कुमार सिन्हा जमशेदपुर के बिरसा नगर थाना अंतर्गत मकान संख्या-265 बिरसानगर जोन नम्बर 01 के रहने वाले थे। हत्यारों ने प्रशांत को मौत के घाट उतारकर शव को प्लास्टिक की बोरी में बांधकर छड़वा डैम स्थित पुल के नीचे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार प्रशांत की पूर्व प्रेमिका काजल ने अपने नए आशिक रौनक कुमार की मदद से प्रशांत की हत्या कर दी थी।आरोपी काजल हजारीबाग के न्यू एरिया निवासी है।पुलिस ने दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

इधर,जमशेदपुर के बिरसानगर थाना पुलिस की टीम और हजारीबाग के पेलावल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपी युवती की निशानदेही पर शनिवार को क्षत-विक्षत शव को बरामद किया है।शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग के सदर अस्पताल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार प्रशांत कुमार सिन्हा 11 मार्च 2024 से लापता था। परिजनों ने बिरसा नगर जमशेदपुर थाना में 13 मार्च को गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था।प्रशांत की माँ ने अपहरण का आवेदन देकर 22 मार्च को प्राथमिकी संख्या 30/24 धारा 364 (ए ) के तहत दर्ज करायी थी।मामला दर्ज करने के बाद बिरसा नगर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही थी। इसी क्रम में टेक्निकल सेल और परिजनों से पूछताछ के दौरान बिरसानगर पुलिस को सुराग मिला।

बिरसानगर थाना की पुलिस ने हजारीबाग पुलिस से संपर्क किया और शुक्रवार को जमशेदपुर पुलिस की एक टीम हजारीबाग पहुंची। हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने जमशेदपुर पुलिस को मदद करते हुए मुख्यालय डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में पेलावल थाना प्रभारी शाहिना परवीन की टीम को भेजा।टीम ने जांच के क्रम में हजारीबाग शहर के लोहसिंघना थाना क्षेत्र के न्यू एरिया निर्मल स्कूल गली निवासी काजल सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जाता है कि जब काजल से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या के अपराध को स्वीकार कर लिया।फिर उसकी निशानदेही पर पेलावल ओपी अंतर्गत छड़वा पुल के उत्तर पुल के नीचे कीचड़ से सड़ा-गला अवस्था में प्लास्टिक के बोरे में बंद क्षत-विक्षत शव को बरामद किया गया।इसके बाद पुलिस ने शहर के लोहसिंघना थाना अंतर्गत पैगोडा चौक समीप निवासी अपराध में सहयोगी रौनक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

काजल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि प्रशांत के साथ वर्ष 2019 से उसकी दोस्ती थी।बाद में लड़की प्रशांत से कटना चाह रही थी।यह बात प्रशांत को कबूल नहीं था।काजल ने पुलिस को यह बताया कि प्रशांत उसे काफी लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था और दोस्ती तोड़ लेने पर अंतरंग फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था।जिससे तंग आकर उसे 11 मार्च को जमेशदपुर से बहला-फुसलाकर हजारीबाग शहर के शहीद निर्मल महतो पार्क के पास लायी थी। जहां पहले से मौजूद दोस्त रौनक के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। उसी रात में एक स्कूटी से प्लास्टिक की बोरी में शव को बांधकर बीच में रखकर दोनों छड़वा डैम गए और शव को ठिकाना लगा दिया।

मृतक प्रशांत सिन्हा अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी था।वह वर्ष 2023 में थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खेल में शामिल हुआ था और भारत का प्रतिनिधित्व किया था।