झारखण्ड प्रशासनिक सेवा संघ की अध्यक्ष बनी रंजीता हेम्ब्रम

राँची।झारखण्ड प्रशासनिक सेवा संघ की अध्यक्ष चुनीं गयीं हैं। इनका नाम रंजीता हेम्ब्रम है। रविवार को राँची के मोरहाबादी स्थित राँची कॉलेज के आर्यभट्ट सभागार में झारखण्ड प्रशासनिक सेवा संघ की आम सभा सह निर्वाचन प्रक्रिया में सर्वसम्मति से रंजीता को अध्यक्ष चुन लिया गया। राहुल कुमार को महासचिव चुना गया है।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद रंजीता हेम्ब्रम ने कहा कि वह संघ को सशक्त बनायेंगी और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को दूसरे राज्यों के समकक्ष सुविधा और सम्मान दिलाने का प्रयास करेंगी।बताया गया कि इस पद के लिए दो लोगों ने नामांकन दाखिल किया था।रंजीता हेम्ब्रम के अलावा सरायकेला खरसावां के डीडीसी प्रवीण गगराई ने भी इस पद के लिए नॉमिनेशन किया था। लेकिन बाद में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया और सर्वसम्मति से रंजीत हेम्ब्रम को झारखण्ड प्रशासनिक सेवा संघ का अध्यक्ष चुन लिया गया।यह पहला मौका है, जब किसी महिला को इस संघ का अध्यक्ष चुना गया है।

बिहार प्रशासनिक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा पास करने के बाद रंजीता हेम्ब्रम प्रशासनिक सेवा में आयीं थीं। संयुक्त बिहार में आयोजित परीक्षा में वह महिला टॉपर थीं। पूरे बिहार में उनका ओवरऑल सातवां रैंक था।रंजीता हेम्ब्रम रांची जिला के रातू प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रह चुकीं हैं।

रंजीता हेम्ब्रम वर्तमान में झारखण्ड संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद की संयुक्त सचिव हैं। वह झारखण्ड कम्बाइंड इंट्रेंस कंपटीटिव एग्जामिनेशन बोर्ड (JCECEB) की डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन भी हैं। रंजीता हेम्ब्रम के अध्यक्ष चुने जाने से पहले राम कुमार सिन्हा इस संघ के अध्यक्ष थे।

बता दें कि झारखण्ड प्रशासनिक सेवा संघ की का चुनाव कई सालों से नहीं हुआ था। आर्यभट्ट सभागार में आयोजित इस आम सभा के मुख्य अतिथि झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन थे।संघ ने उनके समक्ष कुछ मांगें रखीं, जिस पर सीएम श्री सोरेन ने आश्वासन दिया कि वह प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की मांगों पर विचार करेंगे।