हजारीबाग:घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर जंगल में मिला युवती का शव,पुलिस जांच में जुटी

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र में मायापुर के कंदापहरी जंगल के पास झाड़ियों से युवती का शव बरामद हुआ है। युवती की पहचान गांव के लोगों ने 17 वर्षीय फूलमती कुमारी,पिता किशन टुडू ग्राम जेरूवाडीह के रूप में किया है।शव मिलने के साथ ही लोगों ने इसकी सूचना टाटीझरिया थाना को दी। पुलिस घटना स्थल पर जाकर जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया।युवती का शव उसके घर जेरूवाडीह मांझीडीह आदिवासी टोला से 500 मीटर की दूरी पर स्थित कंदापहरी पहाड़ के नीचे झाड़ियों में पाया गया। बताते चलें कि एक साल पहले उसी जगह पर उसकी चचेरी बहन ने फांसी लगा कर आत्महत्या की थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जेरूवाडीह (मांझीडीह टोला) के ग्रामीण रविवार सुबह मवेशियों को चराने के लिए कंदापहरी की ओर गए हुए थे।जेरूवाडीह के चारवाहों ने वहां एक युवती के शव को देखा।उन्होंने इसकी सूचना गांव वालों को दी।गांव वालों ने उस शव को देख उसकी पहचान की और जानकारी मृतका की माँ चांदमुनी देवी को दी।

वहीं ग्रामीणों ने बताया कि युवती के माथे पर धारदार हथियार से वार किया गया है।ऐसी संभावना है कि इस वजह से उसकी जान गयी है। युवती की माँ चांदमुनी देवी ने बताया कि जिस कपड़े को अभी पहनी है, कल दिन में भी यही पहने हुई थी। पुलिस को कपड़ा पहनी हुई अवस्था में लाश मिली थी।ऐसा लगता है कि उसके माथे पर पीछे से कोई कुल्हाड़ी वगैरह से वार किया हो और वह वहीं औंधे मुंह गिर पड़ी हो।

बताया जाता है कि लड़की अपने घर में माँ और पांच वर्षीय भतीजी के साथ रहती थी। पिता किशुन टुडू दो दिन पूर्व रोजगार के लिए पुणे गए थे।बड़ा भाई भी बाहर ही कमाता है।भाभी अपने मायके में है।उसकी माँ चांदमुनी ने बताया कि रात को बेटी हमलोग को खाना बनाकर खिलाई और खुद भी खायी। रात लगभग नौ बजे वह अपने कमरे में सोने चली गयी। वह अकेले अलग कमरे में सोती थी।बताया गया कि वह किसी लड़के से बात करती थी। लोगों के मुताबिक वह आंगो थाना क्षेत्र के बेला गांव का रहने वाला है।