Ranchi:डीसी और एसएसपी के नेतृत्व में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा,होटवार में औचक निरीक्षण…

राँची।दिनांक 07.04.2024 को रात्रि 9:00 बजे से डीसी राहुल कुमार सिन्हा एवं एसएसपी चंदन सिन्हा के संयुक्त नेतृत्व में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार का औचक निरीक्षण किया गया।इस टीम में अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी,सदर,उत्कर्ष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, नगर के.वी.रमन, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय-2 अरविंद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक,सदर संजीव कुमार बेसरा के अतिरिक्त 06 थाना प्रभारी-सह- पुलिस निरीक्षक – कोतवाली, सदर थाना, लोअर बाजार थाना, बरियातु थाना, सुखदेव नगर थाना तथा यातायात थाना प्रभारी कोतवाली भी शामिल थे। उक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त 140 पुरुष तथा 20 महिला आरक्षी भी शामिल रहे। अलग-अलग 16 टीम बनाकर सभी वार्ड, महिला वार्ड, सेल तथा अस्पताल आदि की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कारा के जेलर एवं जेल सुपरीटेंडेंट उपस्थित रहे, जिनसे उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने केंद्रीय कारा की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था,अस्पताल की व्यवस्था, रसोई घर तथा कैदियों से मुलाकाती की व्यवस्था आदि की जानकारी ली।

उक्त निरीक्षण आगामी लोकसभा आम चुनाव- 2024 के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करने के भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के संदर्भ में किया गया। भविष्य में भी केंद्रीय कारा में औचक निरीक्षण किया जाता रहेगा।