Ranchi:श्री जगन्नाथपुर मंदिर का 330वां स्थापना दिवस समारोह, मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाया गया

राँची।झारखण्ड के जगन्नाथपुर स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथपुर मंदिर का 330वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को मनाया गया। सरकार के गाइड लाइन का पालन करते हुए मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। मंदिर के पुजारी रामेश्वर पाढ़ी के सान्निध्य में पुरोहितों ने सुबह में दैनिक पूजा के बाद श्री विष्णु सहस्रनाम का जाप किया।अन्न भोग में प्रभु गणपति को चूड़ा गुड़ का भोग लगाया गया। जगत नियंता स्वामी जगन्नाथ, माता सुभद्रा, भ्राता बलभद्र को अन्न भोग में खिचड़ी, चावल, दाल और सब्जी का भोग चढ़ाया गया। कोरोना काल में सभी के स्वस्थ रहने और सुख-समृद्धि की कामना के साथ आरती हुई। 70 जोड़े द्वारा क्रमवार हवन में आहूति देने के साथ अनुष्ठान की पूर्णाहुति हुई। इस आयोजन में इस बार श्रद्धालुओं की भागीदारी नहीं रही और भोग प्रसाद का वितरण भी नहीं किया गया।सीमित संख्या में सेवादार, यजमान और पुरोहित शामिल हुए। स्थापना दिवस समारोह का आयोजन जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति की ओर से की गई। कार्यक्रम में न्यास समिति के हीरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रथम सेवक ठाकुर नवीन नाथ शाहदेव, सुरेन्द्र तिवारी, चित्तरंजन शाहदेव, मनोज तिवारी, विमल साहू, शिवेश सिंह, पुजारी सरयू नाथ मिश्र, बिपिन उपाध्याय, हरिमोहन पाढ़ी, श्रीराम महंती, संतोष महंती, भुवनेश्वर महंती, कौस्तुभधर मिश्र, अश्विनी मिश्र समेत अन्य शामिल हुए।