Ranchi:महिला ने बाथरूम में घुसकर खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली,रिम्स में भर्ती कराया गया,हालत गम्भीर

राँची।राजधानी राँची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली बेला समादार 50 वर्ष नामक महिला ने बाथरूम में घुसकर खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार सुबह की है।घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों ने महिला को रिम्स के बर्न वार्ड में भर्ती कराया है,जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।बताया गया कि महिला 80 से 90 प्रतिशत जल चुकी हैं।इधर घटना कि सूचना मिलने के बाद मौके पर हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी ज्ञान रंजन दल-बल के साथ पहुँचे और छानबीन की है।इस सम्बंध में परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला गुरुवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे शौच के लिए बाथरूम गई थी। उस वक्त घर पर उनकी दो बेटियां ही थीं। उनके पति पार्थो समादार दुकान खोलने के लिए डेली मार्केट गए थे। अचानक उनके घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने शोर मचाया। पड़ोसियों की आवाज सुनकर दोनों बेटियां जगीं। बाथरूम से धुआं निकलने पर पड़ोसियों की मदद से उसका दरवाजा तोड़ा गया।जहां बाथरूम में बेला गिरी पड़ी थी। उसके शरीर का ऊपरी भाग जल चुका था।आनन-फानन में उसे रिम्स ले जाया गया। परिजनों ने पुलिस को बताया की महिला मानसिक रूप से कमजोर है।उनका इलाज चल रहा है।पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।