Ranchi:पांच हजार रुपए लेकर बनाता था फर्जी जन्म व आय प्रमाण पत्र,कई लोगो को ठगा, जगन्नाथपुर पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

राजधानी राँची में पांच हजार रुपए लेकर फर्जी जन्म व आय प्रमाण पत्र बनाने वाले आरोपी चुटिया के महादेव टोली निवासी हिमांशु कुमार को जगन्नाथपुर थाना की पुलिस ने जेल भेज दिया है। हिमांशु कुमार के विरुद्ध न्यू कॉलोनी जगन्नाथपुर की रहने वाली सुनीता देवी ने फर्जी जन्म व आय प्रमाण पत्र बना कर देने की प्राथमिकी जगन्नाथपुर थाना में दर्ज कराई थी। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सुनीता देवी को अपने बेटे के स्कूल में नामांकन के लिए जन्म व आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। आठ फरवरी को सुनीता देवी ने हिमांशु से संपर्क किया। 9 फरवरी को हिमांशु उनके घर पहुंचा और कहा कि अगर प्रमाण पत्र बनवाना है तो जल्दी से पांच हजार रुपए दे। अपने घर वालों से सलाह मशवरा कर सुनीता देवी ने उसे पांच हजार रुपए दे दिए। 13 फरवरी को हिमांशु सुनीता देवी के घर आया और उन्हें बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र दे दिया।

विवेकानंद स्कूल ने बताया बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र है फर्जी

सुनीता देवी ने अपने बच्चे के एडमिशन के लिए उक्त जन्म प्रमाण पत्र को विवेकानंद स्कूल में जमा किया था। जब वह स्कूल गई तो प्रबंधन द्वारा उन्हें बताया गया कि उक्त प्रमाण पत्र फर्जी है। आपके बच्चे का एडमिशन नहीं हो सकेगा। इसके बाद सुनीता देवी उक्त प्रमाण पत्र लेकर नगर निगम पहुंची। निगम कार्यालय द्वारा उन्हें बताया गया कि उक्त जन्म प्रमाण पत्र फर्जी है। कार्यालय के कर्मचारियों ने बताया कि यहां से यह जारी नहीं किया गया है और इसपर किए गए हस्ताक्षर भी फर्जी है।

सुनीता देवी ने अपने पैसे मांगे तो आरोपी ने मोबाइल कर दिया बंद

सुनीता देवी को जब जानकारी हो गई कि उक्त प्रमाण पत्र फर्जी है तो उसने अपने पैसे वापस करने के लिए हिमांशु पर दबाव बनाया। लेकिन हिमांशु ने पैसे देने की बजाय अपना मोबाइल ही बंद कर लिया। वह बोलने लगा की तुमको जहां जाना है जाओ। हिमांशु ने यह भी कहा कि उसने कितने लोगो को फर्जी प्रमाण पत्र बना कर दिया है आज तक उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सका है। अपने स्तर से सुनीता देवी ने जब पता किया तो जानकारी मिली की उसने सुरेश यादव, राकेश रंजन, मुन्नी देवी सहित कई को उसने ठगी की शिकार बनाया है।